गुजरात के सूरत इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि एक विमान के टेक-ऑफ से ठीक पहले रनवे के बीचों-बीच करीब तीन फीट लंबा सांप दिखाई दिया. बताया जा रहा है कि प्लेन में बैठे एक यात्री ने सांप को देखकर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
दावे के मुताबिक, घटना उस समय हुई, जब एक निजी एयरलाइंस का विमान रनवे पर टेक-ऑफ की तैयारी कर रहा था. तभी खिड़की के पास बैठे एक यात्री की नजर रनवे पर रेंग रहे सांप पर पड़ी. यात्री ने इसकी जानकारी तुरंत पायलट को दी, जिसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और एयरपोर्ट अधिकारियों को इसकी सूचना दी.
यह भी पढ़ें: रथ यात्रा से पहले सूरत में क्राइम ब्रांच का बड़ा अभियान, 15 हिस्ट्रीशीटर समेत 70 से अधिक आरोपी दबोचे
बताया जा रहा है कि एहतियात के तौर पर विमान को कुछ देर के लिए रोक दिया गया. हालांकि इस दौरान किसी तरह का हादसा नहीं हुआ और कुछ समय बाद उड़ान संचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया.
यात्री ने रिकॉर्ड किया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रनवे पर दिखाई दिया सांप करीब तीन फीट लंबा बताया जा रहा है. दावा है कि विमान के इंजन की आवाज और आसपास की हलचल से सांप घबरा गया और रनवे पर ही फन फैलाकर बैठ गया.
इसी दौरान खिड़की के पास बैठे एक यात्री ने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. वायरल वीडियो में कथित तौर पर यात्री गुजराती भाषा में यह कहते हुए सुनाई देता है, "देखो, सूरत रनवे पर कितना बड़ा सांप दिख रहा है. प्लेन टेक-ऑफ होने वाला है और सांप वहीं घूम रहा है."
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
देखें वीडियो...
मानसून में झाड़ियों से निकल आते हैं सांप
सूरत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास बड़े पैमाने पर खुली जमीन और हरियाली मौजूद है. मानसून के मौसम में अक्सर झाड़ियों और गड्ढों से सांप और अन्य जीव-जंतु बाहर निकल आते हैं. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि सांप आसपास की झाड़ियों से निकलकर रनवे तक पहुंच गया हो.
बताया जा रहा है कि एहतियात के तौर पर विमान की आवाजाही को थोड़ी देर के लिए नियंत्रित किया गया, ताकि सांप विमान के पहियों के नीचे आकर कुचल न जाए और किसी तरह की आपात स्थिति पैदा न हो.
वायरल वीडियो में सांप को कुछ देर बाद खुद ही रनवे से हटते हुए भी देखा जा सकता है. इसके बाद फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य रूप से शुरू कर दिए गए और उड़ानों पर किसी बड़े असर की जानकारी सामने नहीं आई.
एयरपोर्ट डायरेक्टर बोले- वीडियो की पुष्टि नहीं, AI जनरेटेड भी हो सकता है
वायरल वीडियो को लेकर आजतक ने सूरत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के डायरेक्टर ए.एन. शर्मा से बातचीत की. उन्होंने कहा कि फिलहाल इस वीडियो की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यह पुख्ता (Verified) नहीं है.
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने कहा कि आजकल कई वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से भी बनाए जा रहे हैं. उनके मुताबिक यह वीडियो भी AI जनरेटेड हो सकता है. उन्होंने कहा कि हाल ही में एयरपोर्ट से जुड़ा एक और वीडियो वायरल हुआ था, जो बाद में AI जनरेटेड निकला था.
उन्होंने यह भी कहा कि एयरसाइड यानी रनवे क्षेत्र में कभी-कभार सांप जैसे जीव पहुंच सकते हैं, लेकिन बड़े सांप के वहां होने की संभावना बेहद कम है. इसके लिए एयरपोर्ट पर पर्याप्त मैनपावर और वन्यजीव नियंत्रण की व्यवस्था मौजूद है. ए.एन. शर्मा ने कहा कि ऑपरेशन्स टीम, पायलट या किसी एयरलाइन कर्मचारी ने उन्हें ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं दी है. इसलिए फिलहाल वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती.
संजय सिंह राठौर