गुजरात में राजकोट के मोरबी हाईवे पर स्थित हडाला गांव के पास 1 अप्रैल की दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां वडोदरा से 5 दिन पहले रोजगार की तलाश में राजकोट आए 39 वर्षीय नेपाली शेफ ने आर्थिक तंगी और काम न मिलने से उत्पन्न मानसिक तनाव के चलते ट्रक के नीचे कूदकर आत्महत्या कर ली. इस पूरी घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं. फिलहाल कुवाडवा पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है.
दरअसल राजकोट के पास हडाला गांव स्थित विराट होटल में ठहरे जगदीश रामदूतप्रसाद जोशी (उम्र 39) कल दोपहर करीब 12:30 बजे पैदल जा रहे थे. तभी अचानक सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात ट्रक के नीचे कूदकर उन्होंने आत्महत्या कर ली. इस भयावह हादसे में जगदीश के दोनों पैर कट गए और शरीर पर गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: नौकरी, डिप्रेशन और सीक्रेट मैरिज... बेंगलुरु में टेकी कपल के सुसाइड केस में दर्दनाक खुलासा, भावुक कर देगी कहानी
मृतक जगदीश के मित्र प्रकाश से आजतक संवाददाता ने फोन पर बातचीत की. जिसमें चौंकाने वाली जानकारी सामने आई. प्रकाश ने बताया कि वे दोनों साथ में वडोदरा से राजकोट काम की तलाश में आए थे. मृतक जगदीश एक शेफ था, जो वडोदरा में विभिन्न कैटरिंग सर्विस में काम करता था. लेकिन शादी के सीजन खत्म होने के बाद उसे काम मिलना बंद हो गया था. जिसके चलते वह काम की तलाश में राजकोट आया था.
गैस की किल्लत से आई मंदी बनी मौत की वजह
राजकोट में भी उसने पांच दिनों तक अलग-अलग रेस्टोरेंट में काम के लिए प्रयास किया, लेकिन गैस की कमी के कारण कई रेस्टोरेंट बंद थे और कुछ मुश्किल से चल रहे थे. जिससे उसे काम नहीं मिला. मंदी के चलते परेशान रेस्टोरेंट्स में उसे नौकरी नहीं मिल सकी. प्रकाश के अनुसार काम न मिलने और आर्थिक परेशानी के कारण जगदीश की मानसिक स्थिति भी बिगड़ गई थी. सड़क पार करते समय उसने अचानक ट्रक के नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई.
मृतक जगदीश के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं. जगदीश की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार को सूचित किया गया. फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
रौनक मजीठिया