मूल रूप से अहमदाबाद की रहने वाली और वर्षों से अमेरिका में बसी 46 वर्षीय NRI महिला के साथ शादी के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है. अहमदाबाद के आनंदनगर इलाके की रहने वाली इस महिला ने पहले दो बार तलाक लेने और अमेरिका की नागरिकता हासिल करने के बाद, एक मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से एक युवक से तीसरी शादी की थी. हालांकि, शादी के कुछ ही दिनों में पति का असली चेहरा सामने आने पर महिला के सब्र का बांध टूट गया. अब यह पूरा मामला पुलिस थाने पहुंच गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
महिला ने पुलिस को बताया कि शादी को मुश्किल से 15 दिन ही हुए थे कि महिला को अपने पति पर शक होने लगा. क्योंकि वह लगातार मोबाइल फोन में व्यस्त रहता था. जब महिला ने जांच की तो पति के मोबाइल से गोवा, यूएसए और अहमदाबाद सहित लगभग पंद्रह अलग-अलग युवतियों और महिलाओं के साथ प्रेम संबंधों से जुड़ी आपत्तिजनक चैट्स, नाम और नंबर मिले. इस बारे में पूछताछ करने पर पति भड़क गया और उसने महिला के साथ गाली-गलौज व मारपीट की.
जांच के दौरान पीड़िता को पता चला कि उसका पति शराब और जुए का भी आदी है. शादी के बाद पति उसे गोवा और बाली घुमाने ले गया था, जहां गोवा के एक होटल में जुए में पैसे हारने के बाद उसने महिला के साथ बेहद बुरा बर्ताव किया. इस यात्रा के दौरान पति की एक प्रेमिका ने भी खुद को उसकी पत्नी बताते हुए दावा किया था. इस बात का विरोध करने पर पति ने उसका हाथ खींचा, जिससे उसकी कलाई पर गंभीर चोटें आईं. पति का लालच यहीं नहीं रुका, उसने पीड़िता के पिता द्वारा दुकान बेचकर प्राप्त की गई रकम भी दहेज के रूप में मांग ली.
आरोपी ने महिला से सोने-चांदी के गहने भी हड़प लिए
इसके अलावा, महिला अपने मायके से जो सोने-चांदी के गहने (स्त्रीधन) लेकर आई थी, उन्हें बैंक लॉकर में रखने के बहाने पति ने अपने पास रख लिया और वापस करने से साफ इनकार कर दिया. लगातार मिल रही इस प्रताड़ना के कारण एनआरआई महिला को अहमदाबाद में पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाना पड़ा. पुलिस ने पीड़िता के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पति की पहले भी शादी हो चुकी थी और उसकी एक बेटा व एक बेटी भी हैं.
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पति के साथ-साथ उसका बेटा और बेटी भी पीड़िता को धमकियां देते थे, उसका आर्थिक शोषण करते थे और उसे असहनीय शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देते थे. इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है और अग्रिम कार्रवाई जारी है.
ब्रिजेश दोशी