गुजरात के सुरेंद्रनगर में एक जिम है. नाम है क्लब 71. यहां लड़कियां भी आती थीं. सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था. फिर पुलिस के पास एक लड़की की शिकायत पहुंची. शिकायत में ऐसे आरोप लगाए गए कि पुलिस भी जांच में जुट गई. इसके बाद जो हुआ, वो किसी फिल्मी सीन जैसा था. एडमिशन लेने के बहाने पुलिस जिम में ग्राहक बनकर पहुंची. और जब पूरा भरोसा हो गया कि मामला सामान्य नहीं है, तो रात में जिम पर छापा मार दिया.
छापे में पुलिस को कुछ ऐसी चीजें मिलीं, जिनकी अब जांच की जा रही है. पेन ड्राइव. खाली चेक. अकाउंट डायरी और कुछ दूसरा सामान. मामला यहीं से पेचीदा हो जाता है. दरअसल, सुरेंद्रनगर के दुधरेज रोड और 80 फीट रोड पर क्लब 71 नाम से जिम चल रहा था. पुलिस के मुताबिक, इन दोनों जगहों पर शहर की कई लड़कियां आती थीं. जिम का मैनेजर अमीन मुल्तानी था.
यहां देखें Video
इसी दौरान सुरेंद्रनगर के एसपी प्रेमसुख डेलू को एक लड़की की शिकायत मिली. शिकायत में आरोप लगाया गया कि जिम में गलत गतिविधियां चल रही हैं. लड़की ने आरोप लगाया कि लड़कियों को ब्लैकमेल किया जाता है और कथित तौर पर उन्हें संबंध बनाने के लिए मजबूर किया जाता है. शिकायत में एक और गंभीर आरोप था. चेंजिंग रूम में छिपे कैमरे लगाए जाने का. आरोप था कि लड़कियों की तस्वीरें और वीडियो बनाए जा रहे हैं और बाद में उनका इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए किया जा रहा है.
अब पुलिस के सामने दो काम थे. शिकायत की जांच करना और यह पता लगाना कि आरोपों में कितनी सच्चाई है. पुलिस ने सीधे वर्दी में जाकर छापा नहीं मारा. इसके बजाय पुलिस टीम ने जिम में एडमिशन लेने वाले ग्राहक की तरह पहुंचने की प्लानिंग की. सुरेंद्रनगर ASP वेदिका बिहानी और पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर रात में जिम में पहुंचकर स्थिति को समझने की कोशिश की.
यह भी पढ़ें: डेटिंग ऐप पर दोस्ती, फिर हॉस्टल में बुलाया... AMU के हॉस्टल में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का खुलासा, BBA छात्र गिरफ्तार
इसके बाद जिम में छापा मारा गया. पुलिस ने वहां से पेन ड्राइव समेत कई चीजें जब्त कीं. खाली चेक और अकाउंट डायरी भी मिलीं. इसके बाद जिम मैनेजर अमीन मुल्तानी और एक जिम कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया. अब सवाल पेन ड्राइव को लेकर है. पुलिस के मुताबिक, पेन ड्राइव में लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिले हैं. लेकिन पुलिस अभी यह मानकर नहीं चल रही कि ये सभी असली हैं. क्यों? क्योंकि अब एक और शक सामने आया है. क्या ये तस्वीरें और वीडियो वास्तव में रिकॉर्ड किए गए थे या फिर AI की मदद से बनाए गए हैं?
इसीलिए पुलिस ने कथित तस्वीरों और वीडियो को जांच के लिए लैब भेजा है. डिजिटल फोरेंसिक जांच से यह पता लगाने की कोशिश होगी कि कंटेंट असली है या उसमें किसी तरह की डिजिटल छेड़छाड़ या AI का इस्तेमाल हुआ है. और यहां कहानी में एक दूसरा एंगल भी जुड़ गया. पुलिस को जिम से खाली चेक और अकाउंट डायरी भी मिली हैं. पुलिस को शक है कि आरोपी कथित तौर पर गैरकानूनी ब्याज के धंधे में भी शामिल हो सकता है. हालांकि इस आरोप की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: बीवी का अश्लील वीडयो, ब्लैकमेलिंग और फिर कत्ल... बागपत में दंपति ने इलेक्ट्रीशियन को हथौड़े से पीटकर मार डाला
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जिम या चेंजिंग रूम में कोई छिपा हुआ कैमरा नहीं मिला. यानी शिकायत में हिडन कैमरे का आरोप था, लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में ऐसा कैमरा नहीं मिला. फिर भी पुलिस की कार्रवाई यहीं खत्म नहीं हुई. पुलिस के मुताबिक, दोनों जिम बिना जरूरी अनुमति के चल रहे थे. इसके बाद महानगरपालिका और PGVCL के साथ मिलकर दोनों जिम को सील कर दिया गया.
एक शिकायत से शुरू हुई कहानी अब कई सवालों तक पहुंच चुकी है. क्या जिम में लड़कियों को ब्लैकमेल किया जा रहा था? क्या चेंजिंग रूम में वाकई कोई छिपा कैमरा था? पेन ड्राइव में मिली तस्वीरें और वीडियो असली हैं या AI से बनाए गए हैं? खाली चेक और अकाउंट डायरी किस काम के लिए रखी गई थीं? और क्या इस पूरे मामले में और भी लड़कियां सामने आएंगी? फिलहाल पुलिस ने जिम मैनेजर अमीन मुल्तानी को गिरफ्तार कर लिया है. पेन ड्राइव और दूसरे सामान की जांच चल रही है. डिजिटल फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर और साफ हो सकती है.
SP सुरेंद्रनगर प्रेमसुख डेलू ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अगर कोई लड़की शिकार हुई है तो वह तुरंत पुलिस से शिकायत कर सकती है. उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा. जिम बिना परमिशन के चल रहा था, इसलिए महा नगरपालिका और PGVCL के साथ दोनों जिम को सील कर दिया गया है. अब पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी ने कितनी लड़कियों को ब्लैकमेल किया और पेन ड्राइव में मिली तस्वीरें असली हैं या AI से बनाई गई हैं.
साजिद बेलिम