Gujarat News: बनासकांठा के पालनपुर से एक ऐसी खबर सामने आई जिसने पूरे शहर में लोगों के बीच उत्सुकता पैदा कर दी. मानसरोवर इलाके के पास मलबे में पुराने चांदी के सिक्के मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और मलबे की खुदाई शुरू हो गई.
बताया जा रहा है कि मानसरोवर के समीप खाली पड़ी जमीन पर एक दिन पहले किसी पुराने मकान या दुकान का मलबा डंप किया गया था. इसी मलबे में पुराने चांदी के सिक्के होने की चर्चा फैल गई. सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे.
जिसे जहां जगह मिली, उसने मलबे की खुदाई शुरू कर दी. लोगों को जो भी सिक्के मिले, वे उन्हें अपने साथ लेकर चले गए. कुछ ही देर में यह खबर पूरे पालनपुर शहर में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचने लगे.
मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही. पुराने चांदी के सिक्कों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. हालांकि सिक्के कितने पुराने हैं, वे किस समय के हैं और उनकी ऐतिहासिक या आर्थिक अहमियत क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है. (रिपोर्ट:-परेशकुमार किशनलाल पढियार)
aajtak.in