3.75 करोड़ का सोना लूटकर भाग रहे थे बदमाश, चलती कार के दरवाजे पर लटक गए इंस्पेक्टर और हैंडब्रेक खींचकर रोक दी गाड़ी

गुजरात में 3.75 करोड़ रुपये का सोना लूटकर भाग रहे बदमाशों को पकड़ने के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर ने अदम्य साहस दिखाया. चलती टियागो कार के दरवाजे से लटकने के बावजूद उन्होंने करीब 500 मीटर तक बदमाशों का सामना किया और स्टीयरिंग संभालकर इमरजेंसी हैंडब्रेक खींच दिया. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरा लूटा हुआ सोना बरामद कर लिया.

Advertisement
सीट कवर में छिपा रखा था 2.90 किलो सोना.(Photo: Atul Tiwari/ITG) सीट कवर में छिपा रखा था 2.90 किलो सोना.(Photo: Atul Tiwari/ITG)

अतुल तिवारी

  • अहमदाबाद,
  • 04 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:26 PM IST

गुजरात में नडियाद रेलवे स्टेशन पर हुई 3.75 करोड़ रुपये के सोने की सनसनीखेज लूट का अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस और रेलवे पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया. पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से 2.90 किलो सोना यानी लूटा गया 100 फीसदी सामान बरामद किया गया है. इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल दो कारें भी जब्त की गई हैं.

Advertisement

दरअसल, वारदात 3 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे नडियाद रेलवे स्टेशन पर हुई थी. एक व्यापारी के पास मौजूद 3.75 करोड़ रुपये कीमत का 2.90 किलो सोना आरोपियों ने लूट लिया और कार से फरार हो गए. व्यापारी ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और उनकी गाड़ी की तस्वीर खींच ली. इसके बाद जीआरपी ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला और संदिग्ध टाटा टियागो कार की जानकारी स्टेट कंट्रोल रूम को भेज दी.

यह भी पढ़ें: पहले कनखजूरा-छिपकली, अब खाने में कीड़ा! अहमदाबाद गर्ल्स हॉस्टल में फिर बवाल, एजेंसी हटाने की मांग

शाम करीब 7.30 बजे यह सूचना अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस तक पहुंची. एसपी ओमप्रकाश जाट ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस ने रूट मैपिंग शुरू कर दी. गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबरों के एसडीआर के आधार पर बनासकांठा कनेक्शन सामने आया. एलसीबी टीम ने अपने सूत्रों की मदद से टियागो कार की लोकेशन ट्रेस की. जांच में पता चला कि उसके पीछे बिना नंबर प्लेट वाली एक बलेनो कार भी चल रही थी.

Advertisement

नाकाबंदी में एक बदमाश दबोचा, फिर टियागो तक पहुंची पुलिस

पुलिस को आरोपियों के सचाणा और वीरमगाम की तरफ जाने की जानकारी मिली. इसके बाद एलसीबी और वीरमगाम टाउन पुलिस को अलर्ट कर तत्काल नाकाबंदी कर दी गई. बलेनो कार के वीरमगाम में दाखिल होने से पहले ही पुलिस ने ट्रक और दूसरी गाड़ियां सड़क पर खड़ी कर रास्ता ब्लॉक कर दिया. इस दौरान एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया.

​

पूछताछ में पता चला कि लूटा हुआ सोना लेकर तीन अन्य आरोपी टियागो कार में आगे निकल चुके हैं. इसके बाद पकड़े गए बदमाश से उनकी लोकेशन की जानकारी ली गई. पुलिस ने आरोपियों को बुलाने की रणनीति बनाई. इंस्पेक्टर एसए गढ़वी, इंस्पेक्टर परेश जानी, वीरमगाम टाउन पुलिस और एलसीबी की टीमें मौके पर पहुंचीं और टियागो कार को घेर लिया.

पुलिस के सामने आते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की. उन्होंने अपनी टियागो कार को इंस्पेक्टर एसए गढ़वी की गाड़ी से टकरा दिया. इसके बाद बदमाशों ने कार को रिवर्स में भगाने की कोशिश की. तभी इंस्पेक्टर गढ़वी ने दौड़कर चलती गाड़ी का दरवाजा पकड़ लिया. आरोपी उन्हें करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गए, लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं छोड़ा.

500 मीटर तक घसीटे गए इंस्पेक्टर, फिर ऐसे रोकी कार

Advertisement

बेहद खतरनाक स्थिति के बावजूद इंस्पेक्टर गढ़वी ने हिम्मत नहीं छोड़ी. उन्होंने चलती कार का दरवाजा खोला और अंदर पहुंचकर स्टीयरिंग पर नियंत्रण हासिल कर लिया. इसके बाद इमरजेंसी हैंडब्रेक खींचकर गाड़ी रोक दी. जैसे ही कार रुकी, दूसरे पुलिसकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसमें बैठे आरोपियों को दबोच लिया.

​

इसी दौरान एक बदमाश पुलिस की पकड़ से निकलकर खेतों की ओर भाग गया. पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की और उसे भी पकड़ लिया. इस तरह लूट में शामिल चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए. इंस्पेक्टर गढ़वी की इस कार्रवाई ने पुलिस टीम को आरोपियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

अहमदाबाद ग्रामीण के एसपी ओमप्रकाश जाट के मुताबिक, पुलिस ने बलेनो कार की सीट कवर के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 3.75 करोड़ रुपये मूल्य का 2.90 किलो सोना बरामद कर लिया है. इसके साथ ही टाटा टियागो और बलेनो कार, पांच मोबाइल फोन और 8 हजार 900 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

सीट कवर में छिपा रखा था 2.90 किलो सोना

पुलिस की कार्रवाई से लूटा गया पूरा सोना बरामद हो गया. आरोपियों ने करीब 3.75 करोड़ रुपये मूल्य के 2.90 किलो सोने को बलेनो कार के सीट कवर के अंदर छिपाकर रखा था. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस वारदात में आरोपियों के साथ और कौन लोग जुड़े थे और लूट की पूरी साजिश कैसे तैयार की गई थी.

Advertisement

​

नडियाद रेलवे स्टेशन से मिली तस्वीर, सीसीटीवी फुटेज, गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबरों के एसडीआर ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद की. कुछ ही घंटों में एक के बाद एक चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए. इस दौरान पुलिस की नाकाबंदी और इंस्पेक्टर गढ़वी की जोखिम भरी कार्रवाई निर्णायक साबित हुई.

फिलहाल, अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस और रेलवे पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. बरामद सोने और जब्त वाहनों को केस की जांच का हिस्सा बनाया गया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर लूट की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »