अहमदाबाद जिले के साणंद तालुका में स्थित विंछिया गांव में हत्या का चौंकानेवाला मामला सामने आया है. जहां एक पिता ने अपने 10 साल के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी पिता नहीं चाहता था कि उसका बेटा परिवार की परंपरा के मुताबिक तांत्रिक बने. तो पिता ने कथित तौर पर बेटे को माता के मंदिर के पास दोनों पैरों से पकड़कर दो से तीन बार जमीन पर पटका और फिर सिर पर लकड़ी से वार करके मौत के घाट उतार दिया.
अहमदाबाद ग्रामीण के सानंद पुलिस थाने में मृतक 10 साल के बेटे की माता भारती बेन ने अपने ही पति नरेश भाई के खिलाफ बेटे की हत्या की एफ़आईआर दर्ज करवाई है. जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतक के पिता नरेश को हिरासत में लेकर जांच तेज की है.
मृतक की माता भारती बेन के मुताबिक, बेटे और पति नरेश के साथ वह विंछिया गांव में रहती है. पति नरेश खेती का काम करता है. लेकिन पति नरेश से कुछ दिन पहले हुए झगड़े की वजह से वह अपने मायके गई हुई थी. इस दौरान बेटे की स्कूल में परीक्षा होने की वजह से उसे वह अपने पति यानी नरेश के पास ही छोड़कर गई थी.
भारती बेन को 1 नवंबर की रात पड़ौसियों ने फ़ोन करके बताया कि उनके बेटे को नरेश ने बुरी तरह से मारा है. जिसके बाद वह तुरंत माता - पिता, भाई - भाभी के साथ अपने घर विंछिया आने के लिए निकली. रात के समय भारती बेन जब घर के पास स्थित जोगनी माता के मंदिर पहुंची तो खाट पर लहूलुहान हालत में पड़े बेटे को देखकर चौंक उठी. उस समय 10 साल के बेटे की मौत हो चुकी थी. लेकिन पास के एक दूसरे खाट में पति नरेश भी मौजूद था.
भारती बेन के मुताबिक, जब उन्हो ने नरेश से बेटे की हालत को लेकर पूछा तो कथित तौर पर नरेश ने उनसे कहा था कि, वह नहीं चाहता था की उनका बेटा भी आगे जाकर तांत्रिक बने, क्योंकि नरेश और उससे पहले उनके पिता भी तांत्रिक का काम किया करते थे. इसी वजह से नरेश भाई ने बेटे को जोगणी माता के मंदिर के पास दोनों पैरों से पकड़कर दो से तीन बार पटका और सिर पर लकड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी.
अहमदाबाद ग्रामीण के डिप्टी SP नीलम गोस्वामी ने कहा, आरोपी खुद माता तांत्रिक था और उसके पिता भी तांत्रिक थे. आरोपी नहीं चाहता था कि उसका बेटा भी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में तांत्रिक बने. तो झगड़े की वजह से आरोपी की पत्नी मायके गई हुई थी और घर पर पिता-पुत्र अकेले थे. तब मौका देखकर पुत्र को मंदिर के पास ले जाकर उसे पहले ज़मीन पर पटका और फिर सिर पर वार करके हत्या कर दी.
सानंद पुलिस का कहना है की, आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया है कि बेटे को तांत्रिक बनने से रोकने के लिए उसने बेटे की हत्या की. मृतक बेटे की मा ने सानंद पुलिस थाने में पिता नरेश के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है. इस मामले में FSL की मदद ली गई है. शव का पोस्टमार्टम करवा गया है. पुलिस ने नरेश को हिरासत में लेकर क़ानूनी कार्रवाई शुरू की है.
अतुल तिवारी