शहर के ओढव इलाके में करीब दो दशक पहले एक सरकारी आवासीय योजना के तहत बनी चार मंजिला इमारत ढह गईं. जिसमें से 6 लोगों को सुरक्षित निकाला गया जबकि एक शव भी निकाला गया है. इमारत के मलबे में कई अन्य के फंसे होने की आशंका है.
गृह राज्यमंत्री प्रदीप सिंह जडेजा ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा स्थानीय दमकल विभाग की टीमों को मलबे से लोगों को निकालने के लिए तैनात किया गया है. इमारत चार मंजिला थीं. उन्होंने कहा कि ये टीमें बचाव अभियान के लिए आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर रही हैं.
जडेजा ने कहा, 'इमारत को अहमदाबाद नगर निगम के अधिकारियों द्वारा कल उस समय खाली कराया गया था जब उन्हें लगा कि इमारतें कभी भी गिर सकती हैं. लेकिन कुछ निवासी आज वापस आए और वे इनके ढहने के वक्त इमारत के अंदर ही थे.' जडेजा ने कहा कि मलबे में 8-10 लोगों के फंसे होने की आशंका है.
एडिशनल सीएफओ राजेश भट के मुताबिक इस बिल्डिंग में कुल 32 फ्लैट थे. 40 साल पुरानी इस बिल्डिंग में दरार आने पर लोगों को नोटिस दे दिया गया था. एक दिन पहले यानी शनिवार को ही इमारत खाली कराई गई थी. इसके बावजूद कुछ लोग इमारत में फिर से चले गए थे. मौके पर बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है.
इमारत गिरने की खबर मिलते ही फायर की टीम मौके पर पहुंच गई. मलबे में दबे 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है.
सना जैदी / गोपी घांघर