अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आए एअर इंडिया और इंडिगो के प्लेन

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एयर इंडिया और इंडिगो के दो विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए. ATC की सतर्कता और तुरंत कार्रवाई से दोनों विमानों को समय रहते रोक लिया.

Advertisement
अमहदाबाद में आमने-सामने आए एयर इंडिया और इंडिगो के विमान. (File Photo: PTI) अमहदाबाद में आमने-सामने आए एयर इंडिया और इंडिगो के विमान. (File Photo: PTI)

ब्रिजेश दोशी

  • अहमदाबाद,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:08 AM IST

गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे एक बड़ा विमान हादसा टल गया. एयर इंडिया की एक फ्लाइट ने लैंडिंग के बाद टैक्सिंग के दौरान अनजाने में गलत मोड़ ले लिया, जिसके चलते वह इंडिगो के विमान के ठीक सामने आ गई. एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की त्वरित कार्रवाई से दोनों विमानों को समय रहते रोक लिया गया.

सूत्रों के अनुसार, मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट ने पार्किंग बे (Parking Bay) की ओर जाते वक्त गलती से गलत मोड़ ले लिया और वह उस टैक्सीवे पर पहुंच गई, जहां इंडिगो का विमान पहले से मौजूद था.
घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही एटीसी ने तुरंत सुझबुझ दिखाते हुए दोनों विमानों के पायलट से संपर्क कर फ्लाइट्स को रोक दिया. बताया जा रहा है कि जब दोनों विमानों को रोका गया तो विमानों के बीच की लगभग 200 मीटर की ही दूरी बची थी. इससे यात्रियों और क्रू सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी. इस पूरी घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है. बाद में एयर इंडिया के विमान को खींचकर (टॉ करके) सही पार्किंग बे तक ले जाया गया.

इस बड़ी लापरवाही पर एअर इंडिया ने अपना आधिकारिक बयान जारी किया है. एयरलाइन ने माना कि 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद पहुंची उनकी फ्लाइट लैंडिंग के बाद टैक्सिंग के दौरान गलती से दूसरी दिशा में मुड़ गई थी. हालांकि, कंपनी ने दावा किया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ था और मामले की सूचना नियामक अधिकारियों को दे दी गई है.

इंडिगो एयरलाइन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दूसरी एयरलाइन का विमान गलत दिशा में आ गया था, जिसके बाद दोनों को सुरक्षित दूरी पर रोका गया. एअर इंडिया के विमान को हटाए जाने के बाद इंडिगो की फ्लाइट ने अहमदाबाद से उड़ान भरी और वह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित पहुंच गई. विमानन नियामक अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

बता दें कि  अहमदाबाद हवाई अड्डे के टैक्सीवे पर जिन दो विमानों की भिड़ंत होते-होते बची है, वो दोनों ही एयरबस ए320 कैटेगरी के नैरो-बॉडी विमान थे. इस श्रेणी के एक विमान के अंदर लगभग 150 से 180 यात्रियों को एक साथ ले जाने की क्षमता होती है. हालांकि, इस घटना के समय दोनों विमानों में कुल कितने यात्री सवार थे, इसका सटीक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »