बेटे की कस्टडी की चिंता, नौकरी भी छोड़ी...जलते हुए बिल्डिंग से गिरी थी महिला, जांच में क्या सामने आया?

दिल्ली के हरि नगर में 23 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है. पुलिस के मुताबिक महिला पति से अलग रह रही थी और बच्चे की कस्टडी को लेकर मानसिक तनाव में थी. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच का इंतजार है.

Advertisement
जलते हुए बिल्डिंग से गिरी महिला की कहानी (Photo: representational image) जलते हुए बिल्डिंग से गिरी महिला की कहानी (Photo: representational image)

हिमांशु मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:43 AM IST

दिल्ली के हरि नगर इलाके में 23 वर्षीय एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. महिला के पिता ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से अपने बेटे की कस्टडी और उसके भविष्य को लेकर बेहद परेशान थी. फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक एंगल से इनकार नहीं किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई को हरि नगर थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक महिला तीसरी मंजिल से गिर गई है और उसके शरीर में आग भी लगी हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग महिला को दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल पहुंचा चुके थे. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतका की पहचान 23 साल की लक्ष्मी के रूप में हुई है. जांच के दौरान उसके पिता जहान सिंह ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी की शादी राजेंद्र से हुई थी और दोनों का एक बेटा है. साल 2023 में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद शुरू हो गए थे. इसके बाद लक्ष्मी अपने पिता के साथ हरि नगर स्थित मकान में रहने लगी थी.

परिजनों के अनुसार लक्ष्मी उत्तम नगर स्थित एक कपड़ों के शोरूम में काम करती थी, लेकिन घटना से चार-पांच दिन पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी. इसके बाद से वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगी थी. परिवार का कहना है कि बेटे की देखभाल और उसकी कस्टडी को लेकर वह काफी चिंतित रहती थी. हालांकि पिता ने पुलिस को दिए बयान में किसी भी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया है.

Advertisement

घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया और वहां से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
 

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »