दिल्ली क्राइम: दिनदहाड़े गोलियों की बौछार, तीन हमलावरों ने राशिद नाम के युवक को उतारा मौत के घाट

उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में सोमवार शाम तीन अज्ञात हमलावरों ने राशिद नाम के शख्स पर गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी. गंभीर हालत में उसे GTB अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि छह महीने पहले भी उस पर हमला हुआ था, जिसमें वह बच गया था.

Advertisement
गोली मारकर युवक की हत्या. (Photo: Screengrab) गोली मारकर युवक की हत्या. (Photo: Screengrab)

इसरार अहमद

  • उत्तर पूर्वी दिल्ली,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:05 PM IST

उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में सोमवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में तीन अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. यह घटना नेहरू विहार क्षेत्र में हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. मृतक की पहचान राशिद पुत्र हाजी यूनुस के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब 6.10 बजे फायरिंग की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

Advertisement

पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि घायल राशिद को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से पहले ही गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया था. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीन अज्ञात हमलावरों ने राशिद पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. पुलिस अभी तक हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं लगा पाई है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और इलाके की जांच की. इसके साथ ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है. दयालपुर थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है.

Advertisement

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है. इस वारदात को और भी गंभीर बना देने वाली बात यह है कि मृतक राशिद पर करीब छह महीने पहले भी हमला हुआ था. उस समय अज्ञात बदमाशों ने उस पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी, लेकिन वह उस हमले में बच गया था.

इस बार हुए ताजा हमले में उसे जान नहीं बच सकी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. लगातार दो हमलों ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब दोनों घटनाओं को जोड़कर भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या दोनों हमलों के पीछे एक ही गिरोह या व्यक्ति शामिल है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »