संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया. इसी के साथ CJP की ओर से संसद मार्च का आह्वान किया गया, जिसके चलते सुबह से ही राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला. प्रदर्शनकारियों को संसद भवन की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की और कुछ मेट्रो स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट गेट भी अस्थायी रूप से बंद कर दिए थे. हालांकि, बाद में इन्हें खोल दिया गया.
सुबह के समय दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट (DND) फ्लाईवे, चिल्ला बॉर्डर, बाराखंभा रोड और सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. कई जगह पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट किया, जिससे ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस में भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पहुंच गए थे. आउटर सर्किल और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई. हालांकि, बाद में यहां हालात काफी हद तक सामान्य हो गए और अधिकांश प्रदर्शनकारी वहां से हट गए. इसके बावजूद कनॉट प्लेस में अभी भी कुछ प्रदर्शनकारी मौजूद हैं और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
मेट्रो स्टेशन फिर से खुले
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बताया कि राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, जनपथ, पटेल चौक और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट गेट तथा इंटरचेंज सुविधाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं, मंडी हाउस क्षेत्र को भी खाली कराया जा रहा है. इससे यात्रियों को राहत मिली है. इस बीच पुलिस संसद मार्ग थाना और जंतर-मंतर के बीच सड़क पर मौजूद प्रदर्शनकारियों को हटाने में जुटी रही.
हालांकि, सेंट्रल दिल्ली के कई हिस्सों में अब भी भारी ट्रैफिक जाम बना हुआ है. बाराखंभा रोड पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है. सड़क पर कारों, ऑटो और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
aajtak.in