दिल्ली के संगम विहार इलाके में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ताबड़तोड़ फायरिंग के बीच एक शख्स की हत्या कर दी गई. घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक चार मोटरसाइकिल सवार हमलावर मौके पर पहुंचे और उन्होंने एक युवक पर हमला कर दिया. इस दौरान 4 से 5 राउंड फायरिंग की गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों के हाथों में पिस्टल के साथ-साथ लोहे की रॉड भी थीं. बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति की हत्या हुई, वह अपना ट्रक लेने के लिए मौके पर आया था. उसकी ट्रक वहां पार्क था. जैसे ही वह वहां पहुंचा, हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया. पहले उस पर गोली चलाई गई और फिर रॉड से भी हमला किया गया.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. कई लोगों ने लगातार 4 से 5 राउंड फायरिंग की आवाजें सुनीं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटनास्थल की तस्वीरों में भी वारदात के बाद का माहौल देखा जा सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि चार हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे. उनके पास हथियार और लोहे की रॉड थीं. उन्होंने बिना किसी डर के हमला किया और फिर फरार हो गए.
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक अक्सर यहां अपनी ट्रक पार्क करता था. बुधवार सुबह भी वह अपनी ट्रक लेने के लिए आया था. इसी दौरान हमलावर वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया. गोली लगने और हमले के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय निगम पार्षद पंकज गुप्ता भी घटना के बाद मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि दिल्ली में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. उनका कहना था कि संगम विहार इलाके में भी आए दिन अपराध की घटनाएं सामने आती रहती हैं. उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग की और एक व्यक्ति की जान ले ली.
सुबह 5 बजे मोटरसाइकिल सवार 4 हमलावरों ने बोला हमला
मौके पर मौजूद वसंत मिश्रा ने बताया कि वह वहीं काम करते हैं. उनके अनुसार सुबह चार युवक मोटरसाइकिल पर आए और उन्होंने ट्रक मालिक पर हमला कर दिया. उन्होंने बताया कि हमलावरों के हाथों में बंदूक और रॉड थीं. उन्होंने कई राउंड फायरिंग की, जिसकी आवाज साफ सुनाई दी। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले. एक अन्य स्थानीय निवासी दिनेश चंद ने बताया कि घटना सुबह करीब 5 बजे हुई. साथ ही उन्होंने कहा कि मृतक यहां अपना ट्रक पार्क करता था. उनके मुताबिक चार लोग मोटरसाइकिल पर आए और उन्होंने उस व्यक्ति को निशाना बनाकर हमला किया. हमलावरों के पास बंदूक और डंडे थे. उन्होंने गोली मारने के बाद मौके से फरार होने में देर नहीं लगाई.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
दिनेश चंद ने यह भी बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार मामला पारिवारिक रंजिश से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जब आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े तो हमलावरों ने उन्हें दूर रहने को कहा. आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि यह उनके परिवार का मामला है और कोई बीच में न आए. इसके बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया और मौके से भाग गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और हमलावरों की तलाश की जा रही है. इलाके में हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल है.
आशुतोष कुमार