राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में गुरुवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को अचानक हुई इस बारिश से राहत मिली है. साथ ही एनसीआर के कई इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. इससे पहले राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और बारिश के लिए अलर्ट जारी किया था.
मौसम विभाग ने गुरुवार करीब रात करीब 9 बजे स्मार्टफोन्स पर दिल्ली-एनसीआर में मौसम को लेकर 'बेहद गंभीर' चेतावनी जारी की. इसमें कहा गया है कि अगले 3 घंटों में कुछ इलाकों में जबरदस्त आंधी-तूफान आ सकता है, जिसमें हवा की रफ्तार 70-90 किमी प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है.
इसके साथ ही विभाग ने कई इलाकों में बिजली कड़कने, मध्यम से भारी बारिश और ओले गिरने की भी आशंका जताई है. अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा के जरूरी उपाय करने की सलाह दी है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और मानसून की पूर्वानुमानित एक्टिविटी के कारण एनसीआर में बारिश और आंधी का ये दौर शुरू हुआ है. दोपहर के बाद आसमान में घने बादल छाए और तेज हवाएं चलीं. इससे पहले बुधवार देर रात को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई.
IMD का कहना है कि जल्द ही दिल्ली में बारिश हो सकती है. सैटेलाइट तस्वीरों में बादलों का एक बड़ा समूह राजधानी की तरफ बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है.
यह भी पढ़ें: कल दिल्ली समेत इन शहरो में बारिश की संभावना, देखें अपने शहर का मौसम
इन इलाकों में दिखेगा असर
IMD ने कहा कि इस तूफान का असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-NCR, राजस्थान के कुछ हिस्सों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर रात भर और शुक्रवार, 12 जून की सुबह तक रहेगा, जिससे कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही, बिजली चमक सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं.
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम में यह बदलाव मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले एक नए 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' यानी पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हो रहा है. लंबे वक्त तक चली लू यानी हीटवेव की वजह से तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया था और अब यह सिस्टम इलाके में नमी और अस्थिरता ला रहा है.
IMD ने बताया है कि ऐसे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस अक्सर गरज-चमक के साथ तूफान और अगले कुछ दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट की वजह बनते हैं. हाल के दिनों में दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी और छिटपुट बारिश देखी गई है, जो मॉनसून-पूर्व (प्री-मॉनसून) के आम पैटर्न को दिखाती है, जिसमें तेज गर्मी की वजह से हवा के ऊपर उठने की प्रक्रिया तेज हो जाती है.
आशुतोष मिश्रा