जून की शुरुआत हो गई है और दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्य मॉनसून का इंतजार कर रहे हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 25 से 30 जून के बीच दिल्ली और पूरे NCR क्षेत्र में दस्तक दे सकता है.
IMD के मॉनसून मैप के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में मॉनसून के पहुंचने की संभावना जून के आखिरी सप्ताह में है. इसी दौरान मॉनसून हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में भी लगभग इसी समय बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
पिछले साल यानी 2025 में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 29 जून को दिल्ली पहुंचा था, जो इसकी सामान्य तिथि 27 जून से दो दिन देरी से था. इस बार भी फिलहाल मॉनसून के दिल्ली पहुंचने का संभावित समय सामान्य अवधि के आसपास ही बताया गया है.
हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनसून की वास्तविक प्रगति अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली मौसमी हवाओं, निम्न दबाव के क्षेत्रों और अन्य मौसम प्रणालियों पर निर्भर करेगी इसलिए आने वाले दिनों में IMD के पूर्वानुमान में कुछ बदलाव संभव हैं.
बता दें कि राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को हुई हल्की बारिश और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से मौसम सुहावना हो गया. शहर के कई हिस्सों में तड़के हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा. वहीं अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री नीचे है.
वीकेंड के लिए मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. शनिवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
aajtak.in