दिल्ली में 9-10 अक्टूबर को बंद रहेंगी शराब की दुकानें, प्रदर्शन के बीच सरकार का फैसला

दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद रहेंगी. एक्साइज डिपार्टमेंट का कहना है कि दिल्ली की मौजूदा स्थिति और पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर यह फैसला लिया है.

Advertisement
एक्साइज डिपार्टमेंट का कहना है कि यह फैसला सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है (Photo- Representational) एक्साइज डिपार्टमेंट का कहना है कि यह फैसला सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है (Photo- Representational)

सुशांत मेहरा

  • नई दिल्ली,
  • 08 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:55 PM IST

दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद रहेंगी. दिल्ली सरकार के एक्साइज विभाग ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किया. विभाग के मुताबिक, दिल्ली की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है. शराब की दुकानों को बंद रखने का फैसला दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर लिया गया है.

Advertisement

एक्साइज विभाग के आदेश के मुताबिक, 'L6, L6FG, L8, L10, L14 और L8 & L14 लाइसेंस के तहत चलने वाली सभी खुदरा शराब की दुकानें 9 और 10 अक्टूबर को बंद रहेंगी. विभाग ने कहा है कि यह फैसला सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है.'

प्रदर्शनों के बीच शराब की दुकानों पर रोक

शराब की दुकानों को बंद रखने का यह आदेश ऐसे समय आया है, जब दिल्ली में विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है. विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और चुनावी प्रक्रिया में कथित 'वोट चोरी' का आरोप लगा रहे हैं.

पिछले तीन दिनों से INDIA ब्लॉक के नेता और सांसद दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन कर रहे हैं. 6 अक्टूबर को राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग की ओर बढ़ने की कोशिश की थी. 7 अक्टूबर को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई अन्य विपक्षी नेताओं ने जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था.

Advertisement

गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लंच के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचे. वहां नेताओं ने प्रदर्शन किया और इसके बाद वापस लौट गए. विपक्ष की ओर से शुक्रवार को भी प्रदर्शन जारी रखने की बात कही गई है.

10 अक्टूबर को प्रदर्शन की तैयारी

इस बीच 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान भी किया गया है. यह आह्वान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से किया गया है. हालांकि, दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, जंतर-मंतर पर किसी भी प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई है.

अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत सभा में शामिल होने से बचें. पुलिस का कहना है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं.

दिल्ली में 20 हजार से ज्यादा जवान तैनात

विपक्ष और CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, राजधानी में 20 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं. संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही पुलिस की ओर से भीड़ और प्रदर्शन पर नजर रखी जा रही है.

Advertisement

ऐसे में शराब की दुकानों को दो दिन बंद रखने के फैसले को भी इसी एहतियाती व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, एक्साइज विभाग के आदेश में किसी खास प्रदर्शन को शराब की दुकानें बंद करने की सीधी वजह नहीं बताया गया है. आदेश में केवल दिल्ली की मौजूदा स्थिति और दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट का हवाला दिया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »