दिल्ली के यमुना खादर में 4 दोस्त डूबे, एक का शव बरामद और 3 लापता

दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में यमुना नदी में नहाने उतरे चार दोस्तों के डूबने की आशंका है. दमकल विभाग ने एक युवक का शव बरामद किया है, जिसकी पहचान 40 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है. अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया. अब सुबह दोबारा तलाश शुरू की जाएगी.

Advertisement
चार युवक यमुना नदी में डूबे. (Photo: Screengrab) चार युवक यमुना नदी में डूबे. (Photo: Screengrab)

इसरार अहमद

  • पूर्वी दिल्ली,
  • 27 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:49 PM IST

दिल्ली के शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र में यमुना खादर के पास सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया. यहां यमुना नदी में नहाने उतरे चार दोस्तों के डूबने की आशंका है. दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान के दौरान एक शख्स का शव बरामद किया है. मृतक की पहचान 40 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है. बाकी तीन लोगों की तलाश जारी है. हालांकि अंधेरा होने के कारण सोमवार रात रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा. अब सुबह होते ही फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा.

Advertisement

जानकारी के अनुसार घटना गीता कॉलोनी इलाके के जीरो पुस्ता रोड स्थित मदीना मस्जिद के पास की है. परिजनों ने बताया कि चारों दोस्त पहले गांधी नगर इलाके में एक साथ शराब पी रहे थे. इसके बाद सभी यमुना नदी में नहाने के लिए चले गए. इसी दौरान चारों के डूबने की आशंका जताई गई.

परिजनों का दावा, पहले गांधी नगर में पी थी शराब

दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार शाम करीब 7.20 बजे घटना की सूचना मिली. सूचना मिलते ही दो फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए और महज दो मिनट के भीतर दमकल की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं. इसके बाद यमुना नदी में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. रेस्क्यू अभियान के दौरान दमकल विभाग की टीम ने एक व्यक्ति को नदी से बाहर निकाला.

Advertisement

उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी पहचान 40 वर्षीय सोनू के रूप में हुई. फिलहाल बाकी तीन लोगों का कोई सुराग नहीं मिला है. उनकी तलाश जारी है. दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रात में अंधेरा बढ़ने के कारण नदी में तलाश अभियान चलाना मुश्किल हो गया. इसी वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन को रात के लिए रोक दिया गया. अब सुबह उजाला होने के बाद दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा.

अंधेरा होने के कारण रात में रोका गया सर्च ऑपरेशन

दमकल विभाग का कहना है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पुलिस और बचाव एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं. डूबे अन्य लोगों की पहचान और उनकी उम्र समेत अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है. फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें यमुना किनारे मौजूद हैं. परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और तीनों लापता लोगों के बारे में जानकारी का इंतजार कर रहे हैं. पूरे मामले में आगे की स्थिति रेस्क्यू अभियान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »