दिल्ली पुलिस ने चांदनी चौक में 54 लाख की ठगी के मामले में ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी समेत तीन आरोपियों को अरेस्ट किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी कर्मचारी को यह रकम बाजार में एक कारोबारी को देने के लिए दी गई थी, लेकिन वह कैश लेकर फरार हो गया.
एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय रूपेश कुमार, 24 वर्षीय सचिन उर्फ विकास और 21 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है. तीनों उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके के रहने वाले हैं.
पुलिस के मुताबिक, यह मामला 6 फरवरी को दर्ज किया गया था. चांदनी चौक के एक बुलियन ट्रेडर ने शिकायत दी थी कि उसका कर्मचारी रूपेश 5 फरवरी को 54 लाख रुपये लेकर बाजार में भुगतान करने गया था, लेकिन वह रकम लेकर गायब हो गया.
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल कुछ लोग उत्तर-पूर्वी दिल्ली में चोरी के पैसों का बंटवारा करने के लिए मिलने वाले हैं. इसके बाद पुलिस ने 5 मार्च को खजूरी खास फ्लाईओवर के पास जाल बिछाया.
यह भी पढ़ें: मुंबई के बोरीवली में 7.88 करोड़ के सोने की चोरी, डुप्लीकेट चाबी से खोला गया था ज्वेलरी शॉप का ताला
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों रूपेश और सचिन को पकड़ लिया. पूछताछ के बाद तीसरे आरोपी पवन कुमार को सोनिया विहार से गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को क्या बताया?
पूछताछ में रूपेश ने बताया कि वह ज्वेलरी कारोबारी के यहां काम करता था और बाजार में पैसे लेने-देने का काम संभालता था. इसी दौरान उसने देखा कि कारोबारी के पास अक्सर बड़ी रकम का लेन-देन होता है. इसके बाद उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पैसे लेकर फरार होने की योजना बना ली.
आरोपियों के पास से 31.5 लाख रुपये कैश बरामद
पुलिस का कहना है कि 5 फरवरी को जब उसे एक अन्य कारोबारी से चांदी खरीदने के लिए 54 लाख रुपये दिए गए, तो वह रकम लेकर अपने साथियों के साथ फरार हो गया. पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 31.5 लाख रुपये कैश, करीब 8 लाख रुपये की जमा रसीदें और एक कार बरामद की है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की बाकी रकम कहां खर्च की गई.
aajtak.in