आरटीओ अफसर के घर 5 करोड़ की चोरी... सगी भतीजी निकली मास्टरमाइंड, बॉयफ्रेंड संग जी रही थी लग्जरी लाइफ

छत्तीसगढ़ के जशपुर से हाई-प्रोफाइल चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज के घर से करोड़ों की चोरी के पीछे किसी बाहरी गिरोह का नहीं, बल्कि उनकी सगी भतीजी का हाथ निकला है. पुलिस ने युवती, उसके बॉयफ्रेंड समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement
आरटीओ अधिकारी की भतीजी निकली चोरी की मास्टरमाइंड. (Photo: ITG) आरटीओ अधिकारी की भतीजी निकली चोरी की मास्टरमाइंड. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • जशपुर,
  • 10 जनवरी 2026,
  • अपडेटेड 12:28 PM IST

छत्तीसगढ़ के जशपुर से एक बेहद चौंकाने वाला और हाई-प्रोफाइल चोरी का मामला सामने आया है. जिला परिवहन अधिकारी (RTO) विजय निकुंज के घर से करोड़ों की चोरी के पीछे कोई बाहरी नहीं, बल्कि उनकी सगी भतीजी मीनल निकुंज मुख्य आरोपी निकली. पुलिस ने इस मामले में मीनल, उसके बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

यह वारदात नारायणपुर थाना क्षेत्र के केराडीह (रैनीडांड) गांव की है, जहां आरटीओ अधिकारी के घर से करीब 4 किलो सोना और लाखों रुपये कैश चोरी किए गए. चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है.

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया कि मीनल ने पहली बार सिर्फ एक आईफोन खरीदने के लिए घर की अलमारी से करीब 2 लाख रुपये चुराए थे. जब इस चोरी का किसी को पता नहीं चला, तो उसका हौसला बढ़ गया. इसके बाद उसने दूसरी बार 3 लाख रुपये और फिर अपनी दादी के कमरे की चाबी चुराकर पूरा सूटकेस ही गायब कर दिया. इस सूटकेस में करीब 15 लाख रुपये कैश के साथ बड़ी मात्रा में सोने के बिस्किट और कीमती जेवरात रखे थे.

यह भी पढ़ें: भगवान की निगाहों से बचना चाहते थे चोर, इसलिए मूर्ति को पर्दे से ढंक दिया... चौंका देगी करोड़ों की चोरी की ये कहानी

चोरी की रकम से मीनल और उसके बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान ने लग्जरी जिंदगी जीनी शुरू कर दी. दोनों ने करीब 25 लाख रुपये की एक कार खरीदी. इसके अलावा रायपुर में विला बुक कर जन्मदिन मनाया, जहां तीन दिनों में करीब 5 लाख रुपये खर्च किए गए. रिसॉर्ट्स, पिकनिक और मौज-मस्ती पर भी लाखों रुपये उड़ाए गए.

Advertisement

पार्टी के दौरान सूटकेस चोरी होने का दावा

मामले में एक दिलचस्प मोड़ तब आया, जब आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जब वे जशपुर से लगे रानीदाह वॉटरफॉल में पार्टी कर रहे थे, उसी दौरान उनके किराए के कमरे से किसी अज्ञात व्यक्ति ने वह सूटकेस चुरा लिया, जिसमें सोने के बिस्किट और जेवरात थे. पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है.

रांची से गिरफ्तारी, लाखों का माल बरामद

जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपियों को रांची के एक होटल से गिरफ्तार किया. पुलिस ने अब तक 51.82 लाख रुपये का माल बरामद किया है, जिसमें कार, तीन सोने के बिस्किट, 86 हजार रुपये कैश, तीन मंगलसूत्र और एक आईफोन शामिल हैं.

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और बाकी चोरी हुए सोने और नकदी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं. आरोपियों से पूछताछ में और भी जानकारियां मिलने की उम्मीद है. फिलहाल इस चोरी ने पूरे जशपुर में हड़कंप मचा दिया है. मामला चर्चा में बना हुआ है.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट: शुभम शर्मा

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »