नकली सोने का बिस्किट, 15 लाख की ठगी और... अंतरराज्यीय गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 37 लाख का माल भी बरामद

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में नकली सोने का बिस्किट देकर 15 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 20.31 लाख नकद, 100 ग्राम सोने के कड़े और मोबाइल बरामद किए हैं. आरोपियों ने शादी का बहाना बनाकर 200 ग्राम जेवर और नकदी ठगी की थी. मामले में आगे जांच जारी है.

Advertisement
आरोपी 7-8 साल से घी बेचने आती थी.(Photo: Screengrab) आरोपी 7-8 साल से घी बेचने आती थी.(Photo: Screengrab)

सुमित सिंह

  • सरगुजा,
  • 20 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 6:50 PM IST

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नकली सोने के बिस्किट के जरिए लाखों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कैश, सोने के कड़े और मोबाइल सहित करीब 37 लाख रुपये का ठगी किया गया सामान बरामद किया है.

Advertisement

दरअसल, पीड़िता ने 8 मार्च को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मंजू नाम की महिला पिछले 7-8 वर्षों से उसके घर घी बेचने आती थी और खुद को राजस्थान के किशनगढ़ की निवासी बताती थी. इसी परिचय का फायदा उठाकर उसने ठगी की योजना बनाई. होली से पहले मंजू पीड़िता के घर सोने का बिस्किट लेकर आई और शादी का हवाला देकर उससे गहना बनवाने की बात कही.

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के सरगुजा में हाथी का कहर, 24 घंटे में तीन लोगों की कुचलकर मार डाला, गांव में पसरा मातम

7 मार्च को शाम करीब 4:45 बजे वह दो महिला साथियों के साथ फिर पहुंची और तत्काल शादी का दबाव बनाकर पीड़िता से उसकी बेटी के लिए बनाए गए लगभग 200 ग्राम सोने के जेवर और 15 लाख रुपये नगद ले लिए. बदले में नकली सोने का बिस्किट थमा दिया.

Advertisement

ठगी का खुलासा और केस दर्ज

आरोपियों के जाने के करीब आधे घंटे बाद पीड़िता को संदेह हुआ. उसने सोने के बिस्किट की जांच पास के सोनार से कराई, जहां वह नकली निकला. इसके बाद थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 151/26 के तहत धारा 318(4), 61(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की. जांच के दौरान पुलिस टीम को गुजरात रवाना किया गया, जहां घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

गुजरात से गिरफ्तार आरोपियों में मंजू राठौर और संतोष राठौर शामिल हैं. पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया. उनकी निशानदेही पर 7 लाख 78 हजार रुपये नगद और करीब 50 ग्राम का एक सोने का कड़ा बरामद किया गया.

प्रयागराज से दो और आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अन्य साथियों के प्रयागराज में होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया. इनमें सुनीता गुजराती और कमला गुजराती शामिल हैं.

इनके कब्जे से 12 लाख 53 हजार रुपये नगद और लगभग 50 ग्राम का एक सोने का कड़ा बरामद किया गया. इस तरह चारों आरोपियों से कुल 20 लाख 31 हजार रुपये नगद, लगभग 100 ग्राम सोने के दो कड़े और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.

Advertisement

जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी गई है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ठगी से प्राप्त शेष सोना प्रयागराज के एक सोनार को बेच दिया गया है. पुलिस अब इस कड़ी की भी जांच कर रही है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement