छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक ही घर के अंदर चार लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. यह मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर का है. यहां एक परिवार के पति-पत्नी और उनके दो बच्चों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है. शुरुआती जांच के अनुसार, घर के अंदर पति और पत्नी के शव अलग-अलग कमरों में फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े हुए थे. मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटा यशांत साहू (11) के रूप में हुई है.
पुलिस को शक है कि पहले बच्चों की मौत हुई और उसके बाद पति-पत्नी ने आत्महत्या की. प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि बच्चों की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई हो सकती है. हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी. घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस, दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पूरे घर को सील कर दिया गया है और हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है. फोरेंसिक टीम ने घर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी इकट्ठे किए हैं.
सुसाइड नोट बरामद, घरेलू विवाद का जिक्र
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव और आर्थिक तंगी की बात सामने आ रही है. इसी बीच घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. माना जा रहा है कि यह सुसाइड नोट पत्नी चंचल साहू ने लिखा है. इसमें घरेलू विवाद और पति-पत्नी के बीच चल रहे तनाव का जिक्र किया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुसाइड नोट में घरेलू कलह को इस दर्दनाक घटना का कारण बताया गया है.
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. परिवार ने लव मैरिज की थी. पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार सामान्य जीवन जी रहा था और किसी को इस घटना का अंदाजा नहीं था. पड़ोसियों ने बताया कि परिवार ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था, लेकिन बच्चे अक्सर आसपास खेलते दिखाई देते थे.
पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे मामले की वजहों को समझा जा सके. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि चार लोगों की मौत का मामला सामने आया है. पति-पत्नी अलग-अलग फंदे पर लटके मिले हैं जबकि दो बच्चों के शव बिस्तर पर पाए गए हैं. मौके से सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें पारिवारिक कलह का जिक्र है.
पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी
उन्होंने कहा कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में बच्चों को कुछ खिलाने-पिलाने की बात भी सामने आई है, लेकिन उनके गले पर निशान मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है. पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, जिसमें घरेलू विवाद, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव जैसे पहलू शामिल हैं. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से लोग स्तब्ध हैं और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थितियां बनीं कि पूरा परिवार इस तरह खत्म हो गया.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
रघुनंदन पंडा