कचरे में फेंकी जलती सिगरेट, आग भड़की तो मोबाइल टॉवर तक पहुंच गई, 30 लाख का सामान जलकर खाक

छत्तीसगढ़ के भिलाई में सेक्टर-7 इलाके में एक मोबाइल टॉवर में आग लगने से करीब 30 लाख के उपकरण जलकर खाक हो गए. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने जलती सिगरेट कचरे में फेंक दी, जिससे आग भड़कते-भड़कते टॉवर तक पहुंच गई. दमकल की दो गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

Advertisement
मोबाइल टॉवर में लगी आग. (Photo: ITG) मोबाइल टॉवर में लगी आग. (Photo: ITG)

रघुनंदन पंडा

  • दुर्ग,
  • 05 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:46 AM IST

छत्तीसगढ़ के भिलाई में सेक्टर-7 गैरेज रोड स्थित एक मोबाइल टॉवर में आग लग गई. इससे करीब 30 लाख रुपये कीमत के उपकरण जलकर खाक हो गए. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. टॉवर से उठते धुएं को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने टॉवर के पास पड़े कचरे में जलती सिगरेट या बीड़ी फेंक दी थी. इससे कचरे में आग लग गई और धीरे-धीरे लपटें बढ़ते-बढ़ते टॉवर तक पहुंच गईं. देखते ही देखते आग ने टॉवर के कंट्रोल पैनल और अन्य उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया.

Advertisement

सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन और दमकल विभाग को जानकारी दी. इसके बाद भिलाई इस्पात संयंत्र और दुर्ग फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया.

दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. यदि समय रहते आग को नियंत्रित नहीं किया जाता, तो टॉवर के अन्य उपकरणों के साथ-साथ आसपास के इलाके में भी नुकसान हो सकता था.

यह भी पढ़ें: मैहर: कांग्रेस के प्रदर्शन में बवाल, आग की लपटों में घिरे ट्रैफिक पुलिस अधिकारी, पेट्रोल के छींटों से वर्दी में लगी आग

आग लगने के कारण टॉवर परिसर में लगे कई उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जिससे टेलीकॉम सेवाएं भी प्रभावित हुईं. एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में मोबाइल टॉवर और इंटरनेट सेवाओं को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा, जिससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

Advertisement

घटना के दौरान सुरक्षा के लिहाज से टॉवर के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी. पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कराया.

सीएसपी सिटी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि टॉवर में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि किसी ने कचरे में जलती सिगरेट या बीड़ी फेंकी, जिससे आग फैलते हुए टॉवर तक पहुंच गई.

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. तकनीकी टीम भी टॉवर के सिस्टम की जांच कर रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त उपकरणों को बदलने और नेटवर्क सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement