महिलाओं में कमर में दर्द, थकान और मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत आम होती है. इन समस्याओं को कंट्रोल करने में योगासन फायदेमंद हो सकते हैं. इंडियाटुडे के हेल्थ वेल्थ समिट में महिला स्वास्थ्य और योग पर चर्चा के दौरान योग एक्सपर्ट इरा त्रिवेदी ने कहा कि नियमित योग से कमर की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है. इसके लिए कुछ योगासन आप अपनी लाइफस्टाइल में शामिल कर सकते हैं.
कमर मजबूत बनाने के लिए करें ये योगासन
1. भुजंगासन: यह आसन पेट के बल लेटकर किया जाता है. दोनों हथेलियों को कंधों के पास जमीन पर रखें. अब सांस लेते हुए धीरे-धीरे सिर और छाती को ऊपर उठाएं. कोहनियां शरीर के पास रखें और कमर पर जरूरत से ज्यादा दबाव न डालें. कुछ सेकंड रुकने के बाद सांस छोड़ते हुए वापस नीचे आ जाएं. इससे रीढ़ के आसपास की मांसपेशियों को सक्रिय करने और छाती खोलने में मदद मिलती है.
2. शशांकासन: इसे रैबिट पोज भी कहा जाता है. वज्रासन में बैठकर सांस छोड़ते हुए शरीर को आगे की ओर झुकाएं. दोनों हाथ सामने फैलाएं और माथे को जमीन पर टिकाने की कोशिश करें. इस स्थिति में सामान्य रूप से सांस लेते रहें. इससे पीठ और कमर को आराम मिल सकता है.
यह भी पढ़ें: Healthwealth summit: फर्टिलिटी से लेकर प्रेग्नेंसी तक फायदेमंद हो सकता है योग, एक्सपर्ट ने बताए कई फायदे
पीरियड्स में योग करना कितना सही?
एअगर पीरियड्स के दौरान दर्द सहने लायक है तो हल्का योग, प्राणायाम और स्ट्रेचिंग की जा सकती है. इससे कुछ महिलाओं को ऐंठन और बेचैनी में राहत मिल सकती है, लेकिन अगर पेट या कमर में बहुत तेज दर्द, चक्कर, कमजोरी या असामान्य ब्लीडिंग हो तो एक्सरसाइज करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें. कभी भी तेज दर्द अगर हो रहा है तो किसी योग और एक्सरसाइज को करने से बचें.
यह भी पढ़ें: HealthWealth Summit: सोशल मीडिया पर मेंटल हेल्थ की चर्चा बढ़ी, फिर भी 75% लोग मदद लेने से बचते हैं
शरीर के संकेतों को समझना भी जरूरी
योग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा सांस पर ध्यान देना भी है. आपको ब्रीदिंग एक्सरसाइज भी करनी चाहिए. ये मानसिक तनाव को कम करने में भी फायदेमंद है. हर व्यक्ति को योग अपने लाइफस्टाइल में शामिल करना चाहिए. मेडिकल रिसर्च ने भी योग को कई बीमारियों और शरीर के दर्द को कंट्रोल में रखने में फायदेमंद बताया है.
आजतक हेल्थ डेस्क