प्रदूषण से लंग्स पर असर होता है और ये स्किन से लेकर दिल की बीमारियां भी करता है, लेकिन क्या पॉल्यूशन से किसी को डायबिटीज भी हो सकती है? ये सवाल इसलिए क्योंकि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ते ही कुछ लोगों की लाइफस्टाइस बदलने लगती है. सुबह की सैर बंद हो जाती है. पार्क खाली होने लगते हैं और लोग घरों से बाहर निकलने से बचते हैं. प्रदूषण से बचने का यह तरीका सांस की बीमारियों के लिहाज से जरूरी हो सकता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि घर में रहने की यह आदत आपकी ब्लड शुगर भी बिगाड़ सकती है?
क्या प्रदूषण से डायबिटीज होती है
नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ( एम्स) में एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजेश खड्गावत ने इस बारे में Aajtak.in को बताया है. वह कहते हैं कि पॉल्यूशन सीधे तौर पर डायबिटीज का कारण नहीं बनता है, लेकिन प्रदूषण और इंसुलिन रेजिस्टेंस के बीच संबंध को समझना जरूरी है. उनके मुताबिक, प्रदूषण सीधे तौर पर इंसुलिन रेजिस्टेंस को प्रभावित नहीं करता, लेकिन इसके कारण लोगों की लाइफस्टाइल में आने वाला बदलाव परेशानी बढ़ा सकता है.
डॉ. राजेश बताते हैं कि जब प्रदूषण बढ़ता है तो लोग बाहर निकलना और सुबह-शाम टहलना बंद कर देते हैं. इससे उनकी फिजिकल एक्टिविटी कम हो जाती हैं, शरीर में कैलोरी खर्च कम होती है और वजन बढ़ने का खतरा रहता है. वजन बढ़ना पहले से डायबिटीज से जूझ रहे लोगों के लिए मुश्किल बढ़ा सकता है, क्योंकि इससे ब्लड शुगर को नियंत्रित रखना कठिन हो सकता है.
यह भी पढ़ें: मोटापा और डायबिटीज मरीजों को जरूर कराना चाहिए लिवर का टेस्ट, इन बीमारियों का चल जाता है पता
घर में रहकर बढ़ सकती है खाने की आदत
डॉक्टर के मुताबिक, प्रदूषण के कारण लोग ज्यादा समय घर में बिताने लगते हैं. ऐसे में कुछ लोगों का खाने-पीने का रूटीन भी बदल जाता है. बिना भूख के बार-बार कुछ खाते रहना, स्नैक्स लेना और शारीरिक गतिविधियां कम कर देना वजन बढ़ने की वजह बन सकता है. इसका असर धीरे-धीरे ब्लड शुगर पर भी दिखाई दे सकता है. खासकर उन लोगों में, जो पहले से डायबिटीज के मरीज हैं.
यह भी पढ़ें: डायबिटीज से बचना है तो सिर्फ रोज टहलना काफी नहीं! ये एक्सरसाइज भी जरूरी, रिसर्च में दावा
प्रदूषण में वॉक बंद करना ही एकमात्र विकल्प नहीं
प्रदूषण के दिनों में सेहत का ध्यान रखने का मतलब यह नहीं है कि शारीरिक गतिविधियां पूरी तरह बंद कर दी जाएं. बाहर की हवा खराब होने पर घर के अंदर ही हल्की एक्सरसाइज, योग और वॉकिंग की जा सकती है. इसके साथ खाने का समय तय रखना और बार-बार कुछ खाने से बचना भी जरूरी है.
आजतक हेल्थ डेस्क