Male Pattern Baldness: भारत के पुरुषों में गंजापन तेजी से बढ़ रहा है. पहले जहां अधिक उम्र के लोगों को बाल झड़ने की समस्या आती थी, वो अब कम उम्र के बच्चों में भी नजर आ रही है. गंजेपन से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय करते हैं और शैंपू-कंडीशनर का भी इस्तेमाल करते हैं लेकिन कई लोगों को फिर भी बाल झड़ने की समस्या से छुटकारा नहीं मिलता. हाल ही में एक स्टडी हुई है जिसमें तेजी से बढ़ते गंजेपन को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आमतौर पर हम गिरते बालों के लिए जेनेटिक्स, प्रदूषण या खराब शैम्पू को जिम्मेदार मानते हैं, लेकिन हालिया स्टडी बताती है कि इसका सीधा संबंध आपके पेट यानी 'गट हेल्थ' से है.
हेल्थ-टेक स्टार्टअप ने 5 लाख से अधिक भारतीय पुरुषों पर स्टडी की जिसमें सामने आया है कि बाल झड़ने की समस्या का सामना कर रहे करीब 37 प्रतिशत पुरुषों में खराब पाचन तंत्र एक बड़ा कारण पाया गया है. हालांकि लोग इस बात को नजरअंदाज कर देते हैं कि हमारे शरीर का न्यूट्रिशन सीधे तौर पर डाइजेशन से जुड़ा है.
स्टडी का कहना है कि जो पुरुष गैस, एसिडिटी, कब्ज और ब्लोटिंग जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, उनमें समय से पहले बाल झड़ने (Premature Hair Loss) का खतरा अधिक होता है. इसका कारण है कि जब पेट की सेहत ठीक नहीं होती तो भोजन से जरूरी विटामिन्स और मिनरल्स को अवशोषित नहीं कर पाता. इसका सीधा असर बालों की जड़ों पर पड़ता है जिससे वे कमजोर होकर गिरने लगते हैं.
स्टडी में जिस डेटा का एनालेसिस किया गया था, उसमें एक और आंकड़ा सामने आया था जिसमें बताया गया था कि बाल झड़ने की समस्या झेल रहे 50 प्रतिशत से ज्यादा पुरुष 25 साल से कम उम्र के हैं. युवाओं में बढ़ता तनाव, नींद की कमी और जंक फूड की आदतें न केवल उनके डाइजेशन को बिगाड़ रही हैं, बल्कि उन्हें उम्र से पहले गंजेपन की ओर भी धकेल रही हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 30 प्रतिशत युवाओं में नींद की कमी और 60 प्रतिशत में तनाव को हेयर फॉल का प्रमुख कारण माना गया है.
गट हेल्थ के अलावा स्टडी में डैंड्रफ को भी एक 'साइलेंट किलर' की तरह देखा गया है. 25 साल से कम उम्र के 65 प्रतिशत पुरुष डैंड्रफ की समस्या से परेशान हैं. सिर की त्वचा पर होने वाली यह खुजली और सूजन बालों के फॉलिकल्स को बंद कर देती है, जिससे नए बाल उगना बंद हो जाते हैं.
एक्सपर्ट का मानना है कि जब तक शरीर की अंदरूनी सेहत में सुधार नहीं होगा, तब तक बाहरी तौर पर महंगे तेल या सीरम का असर कम ही रहेगा.
हेल्थ एक्सपर्ट्स की सलाह है कि बालों को बचाने के लिए सिर्फ ऊपर से इलाज काफी नहीं है. इसके लिए डाइट में सुधार, पर्याप्त नींद और पेट को साफ रखना बेहद जरूरी है. अगर आप भी लगातार हेयर फॉल का सामना कर रहे हैं, तो एक बार अपनी गट हेल्थ की जांच जरूर कराएं. सही समय पर लाइफस्टाइल में बदलाव और सही पोषण के जरिए इस समस्या को बढ़ने से रोका जा सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क