Kidney disease warning signs: आज के समय में कमर दर्द एक कॉमन समस्या बन गई है. अब चाहे ऑफिस में घंटों बैठकर काम करना हो या जिम में भारी वजन उठाना, पीठ का दर्द किसी भी वजह से हो सकता है. अधिकतर लोग इसे 'मसल स्ट्रेन' यानी मांसपेशियों का खिंचाव मानकर पेनकिलर खा लेते हैं. लेकिन डॉक्टर्स की मानें तो हर कमर दर्द मामूली नहीं होता. किडनी में इन्फेक्शन, पथरी या किसी अन्य विकार की वजह से होने वाला दर्द भी पीठ के निचले हिस्से में ही महसूस होता है. अगर आपको भी लगातार ऐसा दर्द हो रहा है तो आपको इस ओर ध्यान देने की जरूरत है.
आम तौर पर मसल्स में होने वाला दर्द शरीर के मूवमेंट से कम या ज्यादा होता है लेकिन किडना का दर्द इससे थोड़ा अलग होता है. किडनी से संबंधित दर्द पसलियों के नीचे और पीठ की एक तरफ या दोनों तरफ महसूस हो सकता है.
किडनी से जुड़ा दर्द काफी गहरा और तेज होता है जो शरीर के निचले हिस्से यानी जांघों तक भी जा सकता है. अगर यह दर्द लेटने या आराम करने पर भी ठीक नहीं हो रहा है तो इसकी वजह किडनी की समस्या हो सकती है. यदि आपके मसल्स में दर्द हो रहा है तो सूजन या लालिमा दिख सकती है लेकिन यदि किडनी के कारण कोई दर्द है तो वो बाहर से दिखाई नहीं देता.
किडनी हमारे शरीर का फिल्टर सिस्टम है. जब यह ठीक से काम नहीं करती तो शरीर में विषाक्त पदार्थ जमा होने लगते हैं जिसका सीधा असर आपकी यूरिन पर पड़ता है. अगर आपको पेशाब करने में जलन हो रही है, यूरिन का रंग गहरा हो गया है या उसमें झाग जैसा महसूस हो रहा है तो यह किडनी के सही तरीके से काम न करने का इशारा है.
इसके अलावा, अगर आपको सुबह सोकर उठने के बाद आंखों के आसपास या पैरों और टखनों में सूजन दिखाई देती है तो इसे बिल्कुल भी हल्के में न लें क्योंकि शरीर में पानी का रुकना किडनी खराब होने का एक प्रमुख लक्षण हो सकता है.
किडनी की समस्या होने पर इंसानको हर समय थकान और कमजोरी महसूस होती है. दरअसल, जब किडनी खून को साफ नहीं कर पातीं तो शरीर में गंदगी जमा होने लगती है और इससे भूख कम हो जाती है. इससे जी मचलाता है और कई बार मरीजों को बिना किसी कारण के ठंड लगने या बुखार आने की शिकायत भी होती है.
अगर आपको पीठ दर्द के साथ-साथ उल्टी, बुखार या बार-बार यूरिन आने की समस्या हो रही है तो तुरंत किसी एक्सपर्ट से संपर्क करना चाहिए. याद रखें किडनी की बीमारियों का इलाज शुरुआत में जितना आसान है, देरी होने पर यह उतना ही जोखिम भरा हो सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क