जिम जाना, वर्कआउट करना और अपनी फिटनेस का ध्यान रखना आजकल कई जेन जी की डेली लाइफ का हिस्सा बन गया है. सोशल मीडिया पर भी जिम की फोटोज, बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन और फिटनेस से जुड़े वीडियो खूब दिखाई देते हैं. फिट रहना अच्छी बात है, लेकिन क्या आज के जेन जी सेहत के लिए वर्कआउट कर रहे हैं या दूसरों को अट्रैक्ट करने के लिए?
रेडिट पर इसी सवाल को लेकर एक यूजर ने अपनी बात रखी है. रेडिट पर पोस्ट में यूजर ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी में फिटनेस को लेकर काफी एक्साइटेड दिखाई देता है, लेकिन इसके पीछे की वजह हमेशा सेहत नहीं होती. कई बार लोग बेहतर दिखने और दूसरों को पसंद आने के लिए भी जिम जाते हैं.
दूसरों को पसंद आने की चाह में फिटनेस
रेडिट यूजर ने अपनी पोस्ट में बताया कि वो खुद भी 22 साल के हैं और उन्हें लगता है कि आजकल लोग सेहत से ज्यादा अपनी खूबसूरती पर ध्यान दे रहे हैं. उसके मुताबिक, डेटिंग ऐप्स पर लड़के और लड़कियां अक्सर जिम में खींची गई अपनी फोटोज लगाते हैं. इससे ऐसा लगता है कि अच्छी बॉडी होना किसी को पसंद आने की एक जरूरी शर्त बनता जा रहा है.
यूजर ने सवाल उठाया कि आखिर लोग जिम में अपनी मेहनत की फोटोज सोशल मीडिया पर क्यों डालते हैं? क्या वे किसी को इम्प्रैस करना चाहते हैं? उनके अनुसार, दूसरों को अट्रैक्ट करने की यह चाह धीरे-धीरे खुद को बेहतर दिखाने की होड़ में बदल सकती है.
यह भी पढ़ें: 30 की उम्र में पछताना नहीं चाहते? 20s में ही Gen Z अपनाएं ये 5 आदतें
सोशल मीडिया से बढ़ रही है तुलना?
आज सोशल मीडिया पर कई लोग अपनी फिटनेस जरीनी शेयर करते हैं. कोई अपनी मसल्स दिखाता है, तो कोई वेट कम करने या बॉडी बनाने के बाद की फोटोज पोस्ट करता है. ऐसी पोस्ट देखकर कुछ युवाओं को इंस्पिरेशन मिल सकती है, लेकिन कुछ लोग अपनी तुलना दूसरों से भी करने लगते हैं. रेडिट यूजर का मानना है कि जब लोग दूसरों की तरह दिखने की कोशिश में लगे रहते हैं, तो वे अपनी अलग पहचान और खुद को पसंद करने की सेल्फ लव वाली फीलिंग को को खो सकते हैं. उनके मुताबिक, सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर लोगों को उनके लुक्स के आधार पर परखने का ट्रेंड भी इस सोच को बढ़ा सकता है.
फिटनेस अच्छी, लेकिन वजह भी समझें
इस पोस्ट पर एक दूसरे रेडिट यूजर ने कहा कि फिटनेस के पीछे सिर्फ अच्छा दिखने की चाह होना सही सोच नहीं है, लेकिन ये अच्छी बात है कि ज्यादा लोग अपनी सेहत का ध्यान रख रहे हैं. वहीं, एक अन्य यूजर ने अपनी राय रखते हुए कहा कि जो लोग सिर्फ अपने लुक्स के लिए वर्कआउट करते हैं, उनमें से कुछ लोग उम्र बढ़ने के साथ इसे छोड़ देते हैं. इसके उलट, जो लोग सेहत के लिए एक्सरसाइज करते हैं, वे लंबे टाइम तक इसे जारी रख सकते हैं.
फिटनेस का मतलब सिर्फ अच्छी बॉडी बनाना नहीं है. इसका मकसद बॉडी को स्वस्थ रखना, ताकत बढ़ाना और खुद को बेहतर फील कराना भी है. दूसरों को इम्प्रैस करने के लिए वर्कआउट करने के बजाय, अगर जेन जी अपनी सेहत को प्रायरिटी बनाए, तो फिटनेस उनके लिए बोझ नहीं, बल्कि एक अच्छी आदत बन सकती है.
aajtak.in