बदलते मौसम में कई लोगों को खांसी हो रही है. कुछ मामलों में कई दिनों तक ये ठीक ही नहीं हो रही है. खांसी अगर एलर्जी की वजह से है तो ये बड़ी चिंता नहीं होती है. लेकिन अगर खांसी का कारण कोई बीमारी है तो फिर इस मामले में जल्द से जल्द सही इलाज जरूरी है. खांसी एलर्जी से हो रही है या ये किसी बीमारी का लक्षण है इसका पता कैसे चले? इस बारे में जानने के लिए हमने डॉक्टर से बातचीत की है.
गाजियाबाद के मणिपाल हॉस्पिटल में इंटरनल मेडिसिन विभाग में डॉ. सौरभ गुप्ता ने इस बारे में बताया है. वह कहते हैं कि अक्टूबर और नवंबर के महीनों में मौसम में बदलाव, ठंड बढ़ने और हवा की गुणवत्ता खराब होने के कारण खांसी की समस्या बढ़ सकती है.अधिकतर लोग इस खांसी को सर्दी-जुकाम से जोड़ते हैं, लेकिन एलर्जी, प्रदूषण और कोई बीमारी भी इसका कारण होता है. हालांकि आम लोगों के लिए ये पहचान मुश्किल हो सकती है कि खांसी मौसम में बदलाव के कराण है या फिर ये एलर्जी है. इसको आप इन तरीकों से पहचान सकते हैं.
कैसे पता करें कि खांसी का कारण क्या है
एलर्जी अगर होती है तो ये धूल, प्रदूषण के छोटे- छोटे कण के संपर्क में आने से होता है. इससे गले में जलन, छींक, नाक बहना और सूखी खांसी हो सकती है. वहीं, वायरल संक्रमण होने पर खांसी के साथ बुखार, गले में खराश, शरीर में दर्द और थकान जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं. वहीं, अगर खांसी किसी बीमारी के कारण है तो इसमे बलगम आता है. रात को खांसी बढ़ सकती है और कुछ मामलों में सांस लेने में भी परेशानी हो सकती है. इसलिए हर खांसी का कारण एक जैसा नहीं होता और इसके लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी है.
खांसी का कारण समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि खांसी कितने समय से हो रही है, सूखी है या बलगम के साथ है और इसके साथ कोई अन्य लक्षण भी हैं या नहीं. व्यक्ति धूल, धुएं या प्रदूषण के संपर्क में कितना रहता है, यह जानकारी भी डॉक्टर को सही कारण समझने में मदद कर सकती है.
यह भी पढ़ें: बार-बार होती है खांसी और फेफड़ों में इंफेक्शन? डॉक्टर ने बताया कौन-सी वैक्सीन कर सकती है बचाव
ये लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल जाएं
अगर खांसी कई हफ्तों तक बनी रहती है, समय के साथ बढ़ती जाती है या इसके साथ सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, तेज बुखार या खांसी में खून आने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसी स्थिति में जल्द डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: प्रदूषण बढ़ते ही खांसी क्यों होने लगती है? ये कितना खतरनाक, कैसे करें बचाव, डॉक्टर से जानें
क्या है इलाज
डॉ. सौरभ गुप्ता कहते हैं कि अगर खांसी वायरल संक्रमण से है तो कुछ दिनों में खुद ही ठीक हो जाती है. अगर एलर्जी है तो फिर डॉक्टर इसकी दवाएं देते हैं, वहीं, अगर ये किसी बीमारी के कारण है तो बीमारी का पता लगाकर उसका इलाज किया जाता है. लोगों को ये सलाह है कि खांसी होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं न लें, खासकर एंटीबायोटिक्स का इस्तेमाल न करें, ये नुकसानदायक हो सकता है. सही कारण का पता लगाकर ही उचित इलाज किया जाना चाहिए. अगर आपको खांसी 3 से 5 दिन से ज्यादा समय तक बनी हुई है तो डॉक्टर से संपर्क करें.
आजतक हेल्थ डेस्क