विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में चुनावी हलचल तेज हो गई है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें कुछ लोग एक शख्स को दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों से पीटते हुए नजर आ रहे हैं.
कुछ लोगों का कहना है कि मार खा रहे इस व्यक्ति का नाम नजरुल इस्लाम है जो टीएमसी से जुड़ा एक कार्यकर्ता है और इसने मुर्शिदाबाद में वोट डालने को लेकर हिंदू समुदाय के लोगों को धमकाया था. इसके बाद इसकी पिटाई कर दी गई.
वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “ये हैं नजरुल इस्लाम टीएमसी कार्यकर्ता, मुर्शिदाबाद में हिंदूओं को वोट के लिए धमका रहा था. कुछ हिंदूओं का ईमान जागा और नजरूल इस्लाम दुम दबाकर भागा 4 मई दीदी गई बोलो हर हर महादेव.”
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि 2022 का ये वीडियो वाराणसी का है, जहां अग्निपथ स्कीम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों और स्थानीय दुकानदारों के बीच झड़प हो गई थी.
कैसे पता की सच्चाई?
हमें नजरुल इस्लाम नाम के किसी टीएमसी कार्यकर्ता के साथ मारपीट से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली.
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये डेली ऑर्गनाइजर के एक एक्स पोस्ट में मिला. यहां इस वीडियो को वाराणसी का बताया गया है. पोस्ट के मुताबिक कुछ लोग दुकानों को जबरन बंद कराने की कोशिश कर रहे थे. इसके बाद उन्हें स्थानीय लोगों ने पीट दिया. पोस्ट में “अग्निपथ” और “अग्निवीर” जैसे हैशटैग्स का इस्तेमाल किया गया है.
बेहतर क्वालिटी वाले इस वीडियो में रास्ता दिखाने वाला एक साइनबोर्ड नजर आता है. इस पर लिखा है - टेलीफोन कॉलोनी, नगर निगम वाराणसी.
इस जानकारी के साथ सर्च करने पर हमें बिल्कुल यही जगह गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू पर भी मिल गई. इसमें हूबहू वही सड़क और बिल्डिंग देखी जा सकती है. साफ है कि ये वीडियो वाराणसी का है.
वाराणसी में 17 जून, 2022 को अग्निपथ स्कीम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ था. नवभारत टाइम्स की वीडियो रिपोर्ट में भी वायरल क्लिप देखी जा सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, अग्निपथ योजना के खिलाफ हो रहा प्रदर्शन हिंसक हो गया था. कुछ प्रदर्शनकारी दुकानों को जबरदस्ती बंद कराने की कोशिश कर रहे थे. इसके बाद स्थानीय दुकानदारों ने ऐसे प्रदर्शनकारियों की पिटाई कर दी और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया.
अमर उजाला की जून 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक, वाराणसी में अग्निपथ स्कीम के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में जमकर बवाल हुआ. कैंट रेलवे स्टेशन के यार्ड में ट्रैक पर आगजनी हुई. इसके अलावा, दर्जनों बसों और दुकानों को नुकसान पहुंचा.
aajtak.in