फैक्ट चेक: पुराना है प्रेमानंद महाराज के रोने का ये वीडियो, हालिया विवादों से संबंधित नहीं

प्रेमानंद महाराज का रोते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. दावा किया जा रहा है कि यह उनके शिष्य की मौत के बाद का है. आजतक फैक्ट चेक में सामने आया कि वीडियो पुराना है और हालिया घटना से इसका कोई संबंध नहीं है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
प्रेमानंद महाराज का ये वीडियो उनके शिष्य रसिक दुलारी की मौत के बाद का है, जिसमें वो काफी आहत नजर आ रहे हैं.
सच्चाई
ये वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि 1 मार्च, 2026 का है जब वो एक प्रवचन के दौरान भावुक हो गए थे.

ऋद्धीश दत्ता

  • कोलकाता,
  • 06 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:52 PM IST

वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य की खुदकुशी के बाद एक नया और सनसनीखेज दावा सामने आया है. श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी ने आरोप लगाया है कि क्रिकेटर विराट कोहली को अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ महाराज के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये दिए गए थे.

इस बीच सोशल मीडिया पर प्रेमानंद महाराज का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वो रोते हुए नजर आ रहे हैं. इसमें वो कहते हैं कि भगवान ऐसी परिस्थिति देते हैं जब किसी का आश्रय नहीं रह जाता, और अभी उन्हें किसी बात की परवाह नहीं है. न मरने का डर है, न ही किसी कष्ट का कोई भय है.”

Advertisement

इसे अभी का बताकर कुछ लोग कह रहे हैं कि हालिया घटनाओं को लेकर वो कितने आहत हुए हैं, ये इस वीडियो में देखा जा सकता है. वीडियो को शेयर करते हुए एक ने लिखा, “प्रेमानंद महाराज जी अंदर से टूट गए. अगर प्रेमानंद महाराज जी को कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार वो सभी ट्रॉलर होंगे, जो बिना किसी तथ्य के, बिना किसी सटीक खबर के प्रेमानंद महाराज जी को ट्रॉल कर रहे हैं.”

 

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो महीनों पुराना है, और हालिया घटनाओं से संबंधित नहीं है.

कैसे पता चली सच्चाई?

वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये इसी साल 22 मार्च के एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मिला.

इतनी बात तो यहीं साफ हो गई कि ये वीडियो वृंदावन में हुए हालिया हादसे से संबंधित नहीं है, क्योंकि आश्रम के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी की आत्महत्या की घटना 25 सितंबर को सामने आई थी.

Advertisement

इसके बाद हमें प्रेमानंद महाराज के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल भजन मार्ग पर इसी साल 1 मार्च को अपलोड किया गया इसका लंबा वर्जन मिला. उसी दिन ‘एकांतिक वार्तालाप और दर्शन’ के दौरान प्रेमानंद महाराज जब प्रवचन दे रहे थे, तब उन्होंने ये बात कही थी. 

 

करीब 39 मिनट के इस वीडियो में ठीक 7 मिनट 10 सेकंड पर वायरल वीडियो वाला हिस्सा आता है. यानी बात साफ है कि महीनों पुराने एक वीडियो को हाल में हुई घटना से जोड़कर भ्रामक तरीके से शेयर किया जा रहा है.

रसिक दुलारी की मौत पर क्या बोले प्रेमानंद?

रसिक दुलारी की मौत को लेकर प्रेमानंद महाराज के बयान का कोई वीडियो हमें नहीं मिला. लेकिन न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक वृंदावन के राधा केलि कुंज ट्रस्ट ने आधिकारिक तौर पर एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये रसिक दुलारी के साथ हुई घटना पर दुख व्यक्त किया था, और बताया था कि प्रेमानंद महाराज व्यथित हैं. साथ ही घटना की पुलिस जांच पूरी न होने तक किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाह न फैलाने की अपील की गई थी.
 

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »