फैक्ट चेक: चीन और इंडोनेशिया के वीडियो फ्रांस के प्रदर्शनों के बताकर हुए वायरल

चीन में हुई एक आतंक विरोधी ड्रिल और इंडोनेशिया में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव के वीडियो अब फ्रांस में चल रहे प्रदर्शनों के संदर्भ में शेयर हो रहे हैं.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये फ्रांस का वीडियो है जहां एक पुलिसवाले ने बेहद फुर्ती से एक दंगाई को दबोच लिया.
सच्चाई
ये चीन में 2025 में हुई एंटी टेररिज्म ड्रिल का वीडियो है.

फैक्ट चेक ब्यूरो

  • नई दिल्ली,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:30 AM IST

फ्रांस में बढ़ती महंगाई, ईंधन की कीमतों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर चल रहे प्रदर्शनों के बीच प्रदर्शनकारियों से निपटते सुरक्षाकर्मियों के दो वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं.

फ्रांस के प्रदर्शनों में काफी हिंसा, आगजनी और लूटपाट देखने को मिल रही है और करीब 2500 लोगों को हिरासत में लिया गया है.

इसी संदर्भ में शेयर हो रहे पहले वीडियो में काले कपड़ों के ऊपर पीले रंग की सुरक्षा जैकेट पहने हुए एक व्यक्ति, एक अन्य शख्स को बेहद हैरतअंगेज तरीके से दबोच लेता है.

Advertisement

एक फेसबुक यूजर ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, "#फ्रांस पुलिस एक प्रोटेस्टर को क्या खतरनाक दबोचा है, सैलूट".

इसी कड़ी में वायरल हो रहे एक अन्य वीडियो में रायट शील्ड (एक तरह की ढाल) पकड़े हुए कुछ सुरक्षाकर्मियों पर कुछ लोग पत्थर, डंडे और लात बरसाते दिख रहे हैं. 

एक फेसबुक यूजर ने इसे शेयर करते हुए लिखा, "फ्रांस पुलिस ने छात्रों के प्रदर्शन को कैसे संभाला, भारतीय पुलिस के तरीके पर भी उठे सवाल".

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि इन दोनों ही वीडियो का फ्रांस के मौजूदा घटनाक्रमों से कुछ लेना-देना नहीं है. पहला वीडियो चीन के युन्नान प्रांत में जनवरी 2025 में हुई एक एंटी टेररिज्म ड्रिल से संबंधित है. वहीं, दूसरा वीडियो इंडोनेशिया में अगस्त 2025 में हुए एक विरोध प्रदर्शन का है.

पहले वीडियो की कहानी

Advertisement

इसके कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें पता लगा कि इसे China Global Television Network (CGTN) Europe ने 16 जनवरी, 2025 को युन्नान, चीन के Kunming शहर में स्थित एक अस्पताल में हुई एंटी टेर​रिज्म ड्रिल का बताकर शेयर किया था. इस ड्रिल के दौरान एक छात्र ने 'सीजर किक' का प्रदर्शन करके सबको हैरान कर दिया था.

चाइनाटाइम्स की 14 जनवरी, 2025 की खबर के अनुसार Kunming के एक अस्पताल ने यूनिवर्सिटी के छात्रों को ड्रिल में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया था. एक छात्र ने अपने सहपाठियों के साथ सीजर किक की प्रैक्टिस कर रखी थी. ऐसे में जब उसे मौका मिला तो उसने अपना हुनर दिखा दिया.

दूसरे वीडियो की हकीकत

इस वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से ये हमें सितंबर, 2025 के एक फेसबुक पोस्ट में मिला. यहां इसे इंडोनेशिया में हुए प्रदर्शन से संबंधित बताया गया है. हमें इसी प्रदर्शन की तस्वीर द टाइम्स ऑफ इंडिया की 30 अगस्त, 2025 की एक खबर में मिली. खबर के अनुसार, ये प्रदर्शन पुलिस की गाड़ी चढ़ने से हुई एक बाइक टैक्सी ड्राइवर अफ्फान कुर्णियावान की मौत के बाद हुआ था. जब ये घटना हुई, उस वक्त पुलिस, प्रदर्शनकारी छात्रों को काबू करने की कोशिश कर रही थी. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव भी हुआ था.

Advertisement

हमें गूगल मैप्स पर उत्तरी सुमात्रा के मेडान इलाके की वो सड़क भी मिल गई जहां से वायरल वीडियो रिकॉर्ड किया गया था. ये जगह इंडोनेशिया की संसद के पास है.

इंडोनेशिया के इस वीडियो को सितंबर, 2025 में कई लोगों ने नेपाल का हिंसक प्रदर्शन बताकर भी शेयर किया था.

साफ है, चीन और इंडोनेशिया के वीडियो अब फ्रांस के मौजूदा प्रदर्शनों के संदर्भ में वायरल हो रहे हैं.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »