फैक्ट चेक: आग से बचाने के लिए बच्ची को खिड़की के बाहर लटकाती महिला का ये वीडियो लखनऊ का नहीं है

लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक भावुक वीडियो को हालिया घटना से जोड़कर शेयर किया जा रहा है. वीडियो में एक महिला धुएं से भरे कमरे की खिड़की से बच्चे को बाहर लटकाती दिख रही है. आजतक के फैक्ट चेक में जानें वीडियो की सच्चाई...

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये लखनऊ के अलीगंज में लगी आग के दौरान का वीडियो है, जहां एक महिला ने अपने बच्चे की जान बचाने के लिए उसे खिड़की से बाहर लटका दिया.
सच्चाई
ये वीडियो साल 2010 का है, जब अमेरिका के न्यूयॉर्क की एक इमारत में आग लग गई थी. 

ज्योति द्विवेदी

  • नई दिल्ली,
  • 23 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:19 PM IST

लखनऊ के अलीगंज में आग लगने की घटना के बाद से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला किसी इमारत की खिड़की से एक छोटे बच्चे को लटकाती नजर आ रही है. इसमें महिला जिस कमरे में है, उसमें से लगातार काला धुआं निकल रहा है और महिला बेसुध-सी नजर आ रही है. कई लोगों का कहना है कि ये वीडियो अलीगंज की हालिया घटना का है, जिसमें एक मां ने, अपने बच्चे को बचाने के लिए, खुद बेहाल होने के बावजूद उसे खिड़की से बाहर लटका दिया ताकि धुएं से उसका दम न घुट जाए.

Advertisement

लखनऊ के अग्निकांड में अब तक 15 लोगों की जान जा चुकी है. इसी संदर्भ में वायरल वीडियो को शेयर करते हुए एक फेसबुक यूजर ने लिखा, "निःशब्द. आज की घटना जिसमें ये माँ की ममता की ताकत ऐसी होती है कि मौत सामने हो तब भी वह अपने बच्चे की जान बचाने के लिए हर हद पार कर जाती है. #LucknowNews #aliganjlibarary #FireAccident".

पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो लखनऊ तो क्या भारत का भी नहीं है. ये अमेरिका के न्यूयॉर्क का साल 2010 का वीडियो है.

कैसे पता लगाई सच्चाई?  

सबसे पहली बात, लखनऊ के अलीगंज की जिस बिल्डिंग में आग लगी थी, उसके वीडियो और तस्वीरें लगभग सभी न्यूज वेबसाइट्स में छपी हैं. वहीं, वायरल वीडियो वाली बिल्डिंग इससे बिल्कुल अलग है.

Advertisement

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें हफपोस्ट की 18 अप्रैल, 2010 की रिपोर्ट में इसका एक स्क्रीनशॉट मिला. रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें महिला जिस बच्ची को बचाने की कोशिश कर रही थी, वो 7 महीने की थी और उसका नाम Zaniwah था. ये वीडियो पड़ोस में ही रहने वाली माया टकर नाम की एक महिला ने बनाया था.  

"Nydailynews" की खबर के अनुसार ये आग न्यूयॉर्क सिटी के Pelham Parkway Houses में लगी थी और ये वीडियो इस अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल का है. घर में धुआं भर गया था, इसलिए 18 साल की वेनेसा स्कॉट ने अपनी 7 महीने की कजिन Zaniwah को खिड़की से बाहर निकाल कर लटका रखा था ताकि वो सांस ले सके. बाद में आग बुझाने वाले कर्मचारियों ने सीढ़ी की मदद से वेनेसा और उनके परिवार के बाकी लोगों की जान बचाई थी.

न्यूयॉर्क पोस्ट की खबर के अनुसार, इस घटना में आग बुझाने वाले दो कर्मचारियों सहित दस लोग घायल हुए थे लेकिन किसी की मौत नहीं हुई थी.

साफ है, अमेरिका का एक पुराना वीडियो अब लखनऊ अग्निकांड के संदर्भ में शेयर हो रहा है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »