किसी बड़ी-सी इमारत के परिसर में इकट्ठा सैकड़ों वकीलों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर ये कहकर शेयर हो रहा है कि इन लोगों ने मध्य प्रदेश में ‘गौ-रक्षकों’ को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया.
नर्मदापुर, मध्य प्रदेश के सेशन कोर्ट ने 12 जून को 14 ‘गौ-रक्षकों’ को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. इसके बाद से ही देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. इसी संदर्भ में वकीलों वाला वीडियो भी वायरल हो रहा है.
एक थ्रेड्स यूजर ने इसे शेयर करते हुए लिखा, "धन्यवाद आपको देश के न्यायपालिका 5000 वकीलों ने 14 गो सेवकों को दिया समर्थन जल्द जमानत होगी".
कुछ लोग तो इस वीडियो को शेयर करते हुए यहां तक दावा कर रहे हैं कि ‘गौ-रक्षकों’ के समर्थन में 5000 वकीलों ने प्रदर्शन किया.
ऐसे ही एक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.
लेकिन आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि इस वीडियो का मध्य प्रदेश में ‘गौ-रक्षकों’ को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के मामले से कोई लेना-देना नहीं है. ये लखनऊ हाई कोर्ट में में हुए बार ‘काउंसिल ऑफ यूपी’ के चुनाव का वीडियो है.
कैसे पता लगाई सच्चाई?
वायरल वीडियो को ‘गौ-रक्षकों’ से जुड़ा प्रदर्शन बताने वाले एक पोस्ट में हमें ‘@__prateek_ydv__5005’ नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट के हैंडल का वॉटरमार्क दिखा. इस जानकारी की मदद से सर्च करने पर हमें पता लगा कि इस हैंडल से वायरल वीडियो 25 मई को शेयर किया गया था. इस पोस्ट में वीडियो की लोकेशन लखनऊ हाई कोर्ट बताई गई है.
वीडियो के बारे में और जानकारी पाने के लिए हमने वकील प्रतीक यादव से संपर्क किया. प्रतीक ने हमें बताया कि ये वीडियो लखनऊ हाई कोर्ट, गोमतीनगर का है और ‘बार काउंसिल ऑफ यूपी’ के चुनाव से संबंधित है. उन्होंने बताया कि ये वीडियो मार्च, 2026 में उन्होंने ही बनाया था. प्रतीक के मुताबिक लखनऊ हाई कोर्ट में हाल-फिलहाल में ‘गौ-रक्षकों’ के मामले को लेकर वकीलों का कोई प्रदर्शन नहीं हुआ है.
खबरों के मुताबिक उत्तर प्रदेश बार काउंसिल का चुनाव 11 से 15 मार्च के बीच हुआ था.
हमने इस बारे में लखनऊ हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले एक अन्य वकील धीरेंद्र कुमार पटवा से भी बात की. उनका भी यही कहना था कि ये वीडियो ‘बार काउंसिल ऑफ यूपी’ के चुनाव से संबंधित है. उन्होंने आजतक को बताया कि इसमें कुछ लोग नंबरों वाली तख्तियां पकड़े दिख रहे हैं. ये वो नंबर हैं, जो प्रत्याशियों को अलॉट किया जाता है. धीरेंद्र ने हमें इसी चुनाव की कुछ अन्य तस्वीरें और वीडियो भी भेजे जो कि वायरल वीडियो से काफी मिलते हैं.
साफ है, लखनऊ का एक पुराना वीडियो अब मध्य प्रदेश के ‘गौ-रक्षकों’ को मिली सजा के विरोध में हो रहे प्रदर्शन का बताकर शेयर हो रहा है.
ज्योति द्विवेदी