फैक्ट चेक: बाइक तोड़कर भागती इस बुर्कापोश महिला की असलियत है कुछ और

सोशल मीडिया पर बुर्काधारी महिला के बाइक तोड़ने का वायरल वीडियो भ्रामक निकला. आजतक फैक्ट चेक में पता चला कि वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि स्क्रिप्टेड कंटेंट का हिस्सा है. वीडियो में दिख रहे महिला और युवक दोनों एक्टर हैं.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
एक मुस्लिम महिला ने हिंदू युवक की बाइक तोड़ दी और इस बारे में सवाल पूछने पर बाइक मालिक को ही धमकाने लगी.
सच्चाई
ये वीडियो स्क्रिप्टेड है. ये किसी असली घटना को नहीं दिखाता.

फैक्ट चेक ब्यूरो

  • नई दिल्ली,
  • 21 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 7:44 PM IST

नारंगी रंग की एक बाइक को तोड़ती एक बुर्काधारी महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. महिला बाइक के आगे का हिस्सा तोड़ने के बाद चुपचाप भागने की फिराक में होती है कि एक युवक आकर उससे सवाल-जवाब करने लगता है. वीडियो को शेयर करने वाले कई लोग आक्रोश जताते हुए कह रहे हैं कि अच्छा हुआ हिंदू युवक ने ये सारा वाकया रिकॉर्ड कर लिया, नहीं तो महिला उस पर अनाप-शनाप आरोप लगा देती और फिर कोई गलती न होने के बावजूद वो पिट जाता.

Advertisement

एक एक्स यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “अब्दुल हो या सलमा सबका एक ही टारगेट है, काफिर. वीडियो में साफ साफ देख सकते हैं कि पहले मदरसा छाप मुस्लिम महिला बाईक तोड़कर किस प्रकार बाईक मालिक को ही धमका रही है. बाईक मालिक ने वीडियो नहीं बनाई होती तो क्या होता? यह मुस्लिम महिला अपने घरवालों को फोन कर बुलाती और इस बाईक वाले पर छेडख़ानी का आरोप लगाती, फिर इसे पीटा जाता, दो चार सेकुलर हिन्दू भी बिना सच जाने इस युवक को कूटकर पुलिस के हवाले कर देते."
 

वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे कई लोग मुस्लिम महिलाओं के बारे में नफरत भरे कमेंट्स कर रहे हैं. मिसाल के तौर पर, एक व्यक्ति ने लिखा, "बुर्का अपराध करके छुपाने की आजादी देता है."

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो स्क्रिप्टेड है और किसी असली घटना को नहीं दिखाता. इसमें दिख रही महिला और उससे सवाल पूछता युवक- दोनों एक्टर हैं.

Advertisement

कैसे पता चली सच्चाई?  

वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें इससे मिलता-जुलता वीडियो शिवांश यादव नाम के एक कंटेंट क्रिएटर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला. इस वीडियो में भी वही महिला है, वही नारंगी बाइक है और वही लोकेशन है. लेकिन बाइक के मालिक के रूप में शिवांश है.

इस तरह के वीडियो बनाने वाले क्रिएटर्स अक्सर एक ही कहानी पर अलग-अलग कलाकारों के साथ कई वीडियो शूट कर लेते हैं और उन्हें अलग-अलग अकाउंट्स से शेयर करते हैं, ता​कि सभी एक्टर्स के व्यक्तिगत सोशल मीडिया अकाउंट्स को इंगेजमेंट मिल जाए.

शिवांश ने ऐसे और भी कई वीडियो पोस्ट किए हैं जिनमें ठीक वही महिला एक्टर बुर्का पहने हुए दिख रही है. इन सभी में शिवांश ने सफेद प्रिंट्स वाली काली टी-शर्ट पहनी है. ऐसा हो सकता है कि ये सभी वीडियो एक ही दिन शूट किए गए हों. इनमें से एक वीडियो में बुर्का पहने हुए महिला, मंदिर जा रहे शिवांश को सावन के महीने में मटन खिलाने की कोशिश करती है. वहीं, एक अन्य वीडियो में शिवांश, रिक्शेवाली की एक्टिंग कर रही बुर्केवाली महिला को पैसे देकर उसकी मदद करता है.   

बाइक तोड़ने वाले वीडियो से ठीक पहले शिवांश ने एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें एक लड़की स्कर्ट टॉप पहने हुए उसी बाइक पर बैठी है. उसके जूते और फोन वायरल वीडियो वाली बुर्कानशीं महिला से मेल खाते हैं. साथ ही, आवाज भी काफी मिलती है. इस वीडियो में वो अपना नाम संजना बताती है. हम पक्के तौर पर नहीं कह सकते, पर वायरल वीडियो में बुर्का पहने हुए यही एक्टर हो सकती है. 

Advertisement

शिवांश के अकाउंट पर कई प्रैंक वीडियो और स्क्रिप्टेड वीडियो मौजूद हैं. उसने बायो सेक्शन में भी खुद को एक्टर बताया है.  

हमने इस बारे में और जानकारी पाने के लिए शिवांश से संपर्क किया है. अगर उनका जवाब आया तो उसे स्टोरी में अपडेट किया जाएगा.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »