फैक्ट चेक: दीपू दास की हत्या के विरोध में हुए मुंबई के प्रदर्शन का पुराना वीडियो अब बंगाल का बताकर वायरल

सोशल मीडिया पर बुर्का पहने एक लड़की का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह बांग्लादेशी झंडे के प्रिंटआउट्स को फाड़कर जलाती नजर आ रही है. वीडियो को बंगाल के चुनावी नतीजों से जोड़कर शेयर किया जा रहा है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये पश्चिम बंगाल का हालिया वीडियो है जहां के स्थानीय मुस्लिम लोग, बांग्लादेशियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.
सच्चाई
ये महाराष्ट्र के मुंबई का वीडियो है जब शबनम शेख नाम की इन्फ्लुएंसर और उसके दोस्त, बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की हत्या का विरोध कर रहे थे.

फैक्ट चेक ब्यूरो

  • नई दिल्ली,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:13 PM IST

बांग्लादेशी झंडे के प्रिंटआउट्स को फाड़कर उन्हें जलाती एक बुर्का पहने हुए लड़की का एक वीडियो बंगाल के चुनावी नतीजों के संदर्भ में खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में लड़की के साथ कुछ और लोग भी नजर आ रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि ये पश्चिम बंगाल का हालिया वीडियो है जहां मुस्लिम समुदाय के लोग अब सार्वजनिक तौर पर बांग्लादेश के झंडे जलाकर उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

Advertisement

वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कई लोग लिख रहे हैं कि ऐसा राज्य में सत्ता परिवर्तन की वजह से हुआ है और बंगाल में रहने के लिए अब वहां के मुस्लिमों को बांग्लादेश को बुरा-भला कहना पड़ेगा.

एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, 'पश्चिम बंगाल के स्थानीय मुस्लिम समुदाय बांग्लादेशी मुस्लिमों के विरुद्ध सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं. क्या इन पर भरोसा किया जा सकता है?'
 

पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां  देखा जा सकता है.  

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि न तो ये वीडियो हाल-फिलहाल का है और न ही पश्चिम बंगाल का है. ये मुंबई का 2025 का वीडियो है जब इन्फ्लुएंसर शबनम शेख और कुछ अन्य स्थानीय लोग बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास नाम के युवक की हत्या को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.

Advertisement

कैसे पता लगाई सच्चाई?

वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें पता लगा कि इसे कई सोशल मीडिया यूजर्स ने दिसंबर, 2025 में शेयर किया था. ऐसे ही एक पोस्ट के मुताबिक, वीडियो में बुर्का पहने दिख रही लड़की का नाम शबनम शेख है. दरअसल, शबनम शेख महाराष्ट्र की एक इन्फ्लुएंसर हैं जो साल 2024 में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मुंबई से पैदल चल कर अयोध्या पहुंची थीं. उस वक्त उन्होंने मीडिया को बताया था कि वो भगवान राम की भक्त हैं और खुद को सनातनी मुस्लिम कहती हैं.  

वीडियो के बारे में थोड़ा और खोजबीन करने पर ये हमें प्रिंस पंडित नाम के इंस्टाग्राम यूजर के 23 दिसंबर के पोस्ट में मिला. जहां वायरल वीडियो में म्यूजिक चल रहा है, वहीं प्रिंस पंडित के अकाउंट पर मौजूद वीडियो में लोगों की बातचीत सुनी जा सकती है. इसमें शबनम कहती हैं बांग्लादेश में एक हिंदू व्यक्ति पर ईशनिंदा का झूठा आरोप लगाकर उसकी बेहद निर्मम तरीके से हत्या की गई है.

वो ये भी कहती हैं कि वो मुस्लिम हैं और उनके दूसरे प्रदर्शनकारी साथियों में से कोई हिंदू हैं, कोई सिख तो कोई ईसाई. इसके बाद सभी लोग बांग्लादेश के झंडे और वहां की तत्कालीन अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के पोस्टर फाड़ते हैं और फिर उसमें आग लगा देते हैं. प्रिंस पंडित ने इस वीडियो में म्यूजिक लगाकर इसे 21 दिसंबर को भी शेयर किया था.

Advertisement

गौरतलब है कि 18 दिसंबर को बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास नाम के एक हिंदू युवक पर ईशनिंदा का आरोप लगाकर उसकी हत्या कर दी गई थी.

हमने इस बारे में और जानकारी पाने के लिए मुंबई के नालासोपारा इलाके में रहने वाली शबनम शेख से संपर्क किया. उन्होंने हमें बताया कि ये वीडियो मुंबई के नालासोपारा धानू बाग इलाके का है और प्रदर्शन में मौजूद लोग उनके दोस्त हैं. ये प्रदर्शन उन्होंने दीपू दास की हत्या पर विरोध जताने के लिए किया था.
 
साफ है, मुंबई का पुराना वीडियो अब बंगाल चुनाव के संदर्भ में शेयर हो रहा है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »