टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की मौत एक पहेली बनी हुई है. करीबी और दोस्त अपनी-अपनी समझ से मौत की वजह क्या हो सकती है- इस पर बात कर रहे हैं. हालांकि उनके भाई आकाश सतीश उगले ने कास्टिंग एजेंट्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया है कि इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोग संचिता को मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे.
भाई के गंभीर आरोप
मीडिया से बातचीत में आकाश ने कहा कि उन्हें इंस्टाग्राम पर एक ऐसी रील मिली, जिसमें दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का वीडियो था और उस पर उनकी बहन संचिता की प्रोफाइल फोटो लगाई गई थी. ये देखकर वो डर गए.
आकाश ने कहा- जिस इंस्टाग्राम आईडी को मैंने आपको दिखाया है, उसने कल ये रील पोस्ट की थी. उसमें सुशांत सिंह राजपूत का वीडियो है और मेरी बहन की प्रोफाइल फोटो लगाई गई है. मैंने संचिता के कुछ दोस्तों से बात की, तब पता चला कि कास्टिंग से जुड़े कुछ लोग उसे परेशान कर रहे थे. उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. वो काफी परेशान रहती थी.
सुशांत सिंह राजपूत की मौत का जिक्र करते हुए आकाश ने कहा- 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या की थी. क्यों? क्योंकि बॉलीवुड और इस इंडस्ट्री का उन पर बहुत दबाव था. उसी तरह मेरी बहन ने भी कल इसी वजह से आत्महत्या की.
उन्होंने आगे कहा- ये इंडस्ट्री कई बार बहुत डराने वाली साबित होती है. यहां लोगों पर दबाव बनाया जाता है, जैसा सुशांत के साथ हुआ था. धीरे-धीरे ये इंसान को अंदर से तोड़ देती है. इन सब मामलों में अक्सर ताकतवर लोग शामिल होते हैं. आखिर में ये सिर्फ ताकत और प्रभाव का खेल बनकर रह जाता है.
आकाश ने मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है.
उलझी संचिता के सुसाइड की गुत्थी
संचिता उगले 14 जून को नालासोपारा ईस्ट स्थित अपने घर में मृत पाई गई थीं. उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि संचिता ने अपने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी थी. वो डिप्रेस्ड चल रही थीं.
पुलिस ने उनके पिता मच्छिंद्र उगले की शिकायत के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और मामला अभी जांच के अधीन है.
संचिता उगले टीवी सीरियल 'कुमकुम भाग्य' में दिया टंडन के किरदार के लिए सबसे ज्यादा जानी जाती थीं. इसके अलावा उन्होंने 'वागले की दुनिया' में रुचिता जेटली का किरदार निभाया था. वो दंगल टीवी के शो 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' में सोराब बेदी के साथ भी नजर आई थीं. इसके अलावा संचिता ने विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' में भी काम किया था, जिसमें उन्होंने ताराबाई का किरदार निभाया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क