'हर जगह हमारा रेट फिक्स करते हैं', 370 बिरयानी विवाद पर भड़कीं दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी

कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में वायरल हुए हिमांशु जांगड़ा के बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है. अब दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने वीडियो जारी कर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और महिलाओं को बड़ा संदेश दिया है.

Advertisement
370 की बिरयानी विवाद पर खुशबू पाटनी का फूटा गुस्सा (Photo: Screengrab) 370 की बिरयानी विवाद पर खुशबू पाटनी का फूटा गुस्सा (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:27 PM IST

कॉमेडियन प्रणित मोरे के स्टैंड-अप शो का एक क्राउड-वर्क सेगमेंट हाल ही में सोशल मीडिया पर काफी विवादों में आया. शो के दौरान दर्शकों में बैठे 23 साल के हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट का किस्सा सुनाया. उसने बताया कि उसने एक लड़की के लिए एक प्लेट चिकन बिरयानी पर 370 रुपये खर्च किए थे और उसके बदले में उसे 'सेक्शुअल फेवर' मिलने की उम्मीद थी. 

Advertisement

हिमांशु की इस सोच पर सोशल मीडिया पर हंगामा मचा पड़ा है. लोग जमकर नाराजगी जता रहे हैं. विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स बंद कर दिए, उन्हें उनकी जॉब तक से निकाल दिया गया. वहीं प्रणित मोरे ने भी इस मामले पर सफाई देते हुए माफी मांगी और कहा कि उस दर्शक की सोच उनकी अपनी सोच नहीं है. बावजूद इसके ये विवाद थमा नहीं है. कई सेलेब्स तक इस मामले पर अपनी राय दे चुके हैं. अब बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की एक्स-आर्मी ऑफिसर बहन खुशबू पाटनी ने भी इस विवाद पर अपना गुस्सा जाहिर किया है.

कब तक ये हमारे रेट तय करेंगे- खुशबू

खुशबू पाटनी अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी बेबाक विचार शेयर करती हैं. हाल ही में उन्होंने इस विवाद पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने स्टैंड-अप शो के कुछ हिस्से दिखाए और हिमांशु की महिलाओं को वस्तु की तरह देखने वाली और अपमानजनक टिप्पणियों पर अपनी राय रखी.

Advertisement

वीडियो में खुशबू कहती हैं- ये वीडियो आप सबने अब तक देख ही लिया होगा. आगे बढ़ते हैं... ये लड़का कह रहा है कि पहले दिन बिरयानी खिलाने के बाद सेक्स मांगना अजीब लगेगा. वो लड़की को एक सुनसान पार्क में ले गया था ताकि उसके साथ कुछ शारीरिक नजदीकी बना सके. यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि जब कोई लड़का ‘हम तो सिर्फ दोस्त हैं’ कहता है, तो कई बार उसका असली मतलब कुछ और ही होता है.

इसके बाद खुशबू ने कहा- ये सिर्फ 22-23 साल का लड़का है और इसकी सोच देखिए. इसे लड़की के कपड़ों के अंदर हाथ डालना था. लड़कियों, देख लो कि तुम्हें किस नजर से देखा जाता है. और वहां लोग उसकी बातों पर हंस रहे थे. मुझे हैरानी है कि उस कॉमेडियन के दिमाग में ये नहीं आया कि ऐसी गंदी बातें वहीं रोक दी जानी चाहिए थीं. ये ‘प्रसाद चढ़ाना’ जैसी बातें आखिर होती क्या हैं?

वीडियो के अंत में खुशबू ने कहा- ये पढ़े-लिखे गंवार हमारी कीमत तय करते हैं. स्कूल में हमारी कीमत तय होती है, कॉलेज में होती है, डेट पर जाते हैं तो भी होती है, और शादी के बाद ससुराल और दहेज के जरिए भी हमारी कीमत लगाई जाती है. पूरी जिंदगी जैसे हमारी एक कीमत ही तय की जाती रहती है.

Advertisement

आखिर में उन्होंने एक पारंपरिक नेपाली चाकू 'खुकरी' दिखाया और महिलाओं से उसे खरीदने की अपील की और कहा ये रखना शुरू करो.

कुशा ने लताड़ा, अपने पैसों से करेंगी बिरयानी ऑर्डर

इस विवाद के बाद प्रणित मोरे ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट को डिएक्टिवेट कर लिया है. लेकिन खरी खोटी सुनने का दौर यहां खत्म नहीं होता है. खुशबू के साथ-साथ कुशा कपिला ने भी प्रणित को जमकर लताड़ा है. उन्होंने लिखा कि- कंटेंट क्रिएटर्स की भी जिम्मेदारी होती है कि वो क्या पोस्ट कर रहे हैं. उनके मुताबिक, ऐसा कंटेंट अपलोड करना एक सोचा-समझा फैसला होता है और इसे सिर्फ कॉमेडी कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

कुशा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा- महिलाओं से मेरी गुजारिश है कि ऐसी घटिया कॉमेडी को खुलकर गलत कहें. डरिए मत. अगर किसी ने बकवास की है तो उसे जमकर जवाब दीजिए. ऐसा क्लिप अपलोड करना एक चॉइस है. किस तरह के जोक्स करने हैं और उन्हें अपने चैनल पर डालना है, ये भी एक चॉइस है. और वैसे भी, ये कॉमेडी नहीं है. ये ऐसा कंटेंट है जिसे सिर्फ लोगों का रिएक्शन पाने के लिए बनाया गया है.

कुशा ने ये भी कहा कि उन्हें खुशी है कि बड़ी संख्या में महिलाएं इस क्लिप के खिलाफ खुलकर बोल रही हैं और सोशल मीडिया पर इसे लेकर जो आलोचना हो रही है, वो बिल्कुल सही है. लोगों को इस तरह के कंटेंट के खिलाफ आवाज उठाते देख अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने लिखा- बहुत अच्छा लग रहा है. बहुत मजा आ रहा है. आज मैं अपने पैसों से बिरयानी ऑर्डर करके खाऊंगी.

Advertisement

मालती ने पेद्दी को भी घेरा

वहीं मालती चाहर जिनका नाम बिग बॉस के दिनों में प्रणित मोरे संग जोड़ा जाता था. उन्होंने इस विवाद पर अपनी राय रखते हुए लिखा- 370 रुपये की बिरयानी और 'पेद्दी' जैसी बातें देखकर समझ आता है कि कई महिलाएं शादी करने से क्यों हिचकिचाती हैं, अपनी आजादी को इतना महत्व क्यों देती हैं और डेट पर बिल बराबर-बराबर क्यों बांटना पसंद करती हैं. आज तो कई महिलाएं पुरुषों का पूरा खर्च भी उठा रही हैं.

उन्होंने आगे कहा- फिर भी महिलाओं को एक वस्तु की तरह देखा जाता है और ऐसा लगता है जैसे उनकी सहमति (कंसेंट) की कीमत सिर्फ एक प्लेट बिरयानी जितनी समझी जाती है. बराबरी, सम्मान और गरिमा के लिए पीढ़ियों से संघर्ष करने के बावजूद दुख की बात है कि आज भी हमें इसी तरह की सोच का सामना करना पड़ रहा है.

मालती ने माताओं और आने वाली पीढ़ी की माताओं से अपील करते हुए लिखा- सभी मांओं और भविष्य की मांओं से मेरी गुजारिश है कि अपने बेटों को महिलाओं का सम्मान करना और सहमति का महत्व समझाना सिखाएं. और दर्शकों से कहना चाहूंगी कि किसी बात को सिर्फ 'मजाक' या 'फिल्म' कहकर नजरअंदाज करना आसान है, लेकिन मीडिया समाज की सोच को प्रभावित करता है और स्क्रीन पर जो चीजें सामान्य दिखाई जाती हैं, उनका असर महिलाओं को असल जिंदगी में झेलना पड़ता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »