टीवी की दुनिया की सबसे फेमस जोड़ियों में से एक तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह थोड़ी अलग है. हाल ही में तेजस्वी ने अपने यूट्यूब चैनल पर मॉरीशस ट्रिप का एक नया व्लॉग शेयर किया है, जिसमें वह अपने बॉयफ्रेंड करण कुंद्रा के साथ क्वालिटी टाइम बिताती नजर आ रही हैं.
वैसे तो फैंस 'तेजरन' की केमिस्ट्री के दीवाने हैं, लेकिन इस वीडियो के कुछ दृश्यों ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. वीडियो में दोनों को एक साथ पूल में नहाते और बेहद पर्सनल पलों को कैमरे में कैद करते देखा जा सकता है, जो कई लोगों को रास नहीं आ रहा है. इसके बाद से ही नेटिजन्स तेजस्वी और करण को उनकी प्राइवेसी और सलीके को लेकर खरी-खोटी सुना रहे हैं.
पूल में मस्ती और ब्यूटी रूटीन
तेजस्वी प्रकाश द्वारा शेयर किए गए इस व्लॉग में वह और करण कुंद्रा एक 'प्लंज पूल' (छोटा पूल) में नजर आ रहे हैं. वीडियो में तेजस्वी कैमरे के सामने आकर अपनी बातचीत शुरू करती हैं और बताती हैं कि उन्होंने और करण ने बालों में तेल लगाया हुआ है. वह कहती हैं, 'हमें हेयर ऑयल लगाए हुए एक घंटा हो गया है और आधे घंटे से हमने फेस पैक भी लगाया हुआ है.' इस दौरान करण कुंद्रा उनके पीछे खड़े नजर आते हैं और दोनों काफी रिलैक्स मूड में दिख रहे हैं.
रोमांटिक डिनर की तैयारी
बातचीत को आगे बढ़ाते हुए तेजस्वी बताती हैं कि अब वक्त आ गया है कि वे शावर लें और तैयार हों. तेजस्वी कहती हैं, 'अब हम शैम्पू करके सारा हेयर ऑयल निकालेंगे और फिर हम तैयार होंगे हमारे 'कैंडल लाइट रोमांटिक डिनर' के लिए.' वीडियो में करण भी उनका साथ देते हुए मस्ती भरे अंदाज में नजर आते हैं.
ट्रोलर्स के निशाने पर आई 'तेजरन' की जोड़ी
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुआ, लोगों ने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी. कई यूजर्स का मानना है कि कपल को अपने इतने प्राइवेट पलों को सार्वजनिक नहीं करना चाहिए. वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'थोड़ी तो शर्म करो, ये सब चीजें दिखाने वाली नहीं होतीं. कुछ तो प्राइवेसी रखो.' एक यूजर ने लिखा, 'अब तो शादी कर लो.' वहीं कुछ अन्य लोग इसे लाइक्स और व्यूज का नाम दे रहे हैं.
फैंस और ट्रोलर्स के बीच छिड़ी जंग
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब तेजस्वी और करण को उनके बोल्ड अंदाज के लिए ट्रोल किया गया हो, लेकिन इस बार मामला थोड़ा ज्यादा गरमा गया है. जहां एक तरफ ट्रोलर्स उन्हें संस्कारों और प्राइवेसी की दुहाई दे रहे हैं, वहीं 'तेजरन' के वफादार फैंस उनके बचाव में उतर आए हैं. फिलहाल, ये पूल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क