'इमली' शो फेम एक्टर मनस्वी वशिष्ठ के घर खुशियों ने दस्तक दी है. एक्टर पिता बन गए हैं. मनस्वी की पत्नी आरुषी खंडूजा ने बेटे को जन्म दिया है. एक्टर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस संग गुड न्यूज शेयर की. साथ ही अपने न्यूलीबॉर्न बेटे का नाम भी रिवील कर दिया है.
घर आया नन्हा राजकुमार
मनस्वी वशिष्ठ ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अस्पताल से एक फोटो शेयर की है. एक्टर की पत्नी अस्पताल के बेड पर लेटी हुई दिखाई दे रही हैं. उनके हाथ में ड्रिप भी लगी है. मनस्वी की पत्नी हरे कपड़े में लिपटे अपने न्यूलीबॉर्न बेटे को गले से लगाए दिखीं. मनस्वी भी अपनी पत्नी और बच्चे को लाड करते हुए दिखाई दिए.
मनस्वी और उनकी पत्नी के चेहरे पर पेरेंट बनने की खुशी साफ देखी जा सकती है. बेटे के जन्म से दोनों काफी ज्यादा खुश हैं. मनस्वी ने बेटे की पहली झलक दिखाने के साथ उसका नाम भी रिवील कर दिया है. एक्टर ने अपने लाडले का नाम 'अर्थ' रखा है.
मनस्वी ने तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- काफी लंबे समय तक, हमारी कहानी दो ऐसे लोगों के बारे में थी, जो हर एक दिन एक-दूसरे को चुनते थे. अब, हमारी कहानी का उस छोटे से नन्हे फरिश्ते के साथ एक नया चैप्टर शुरू हुआ है, जिसने हमारी जिंदगी को एक नया 'अर्थ' दिया है. इस दुनिया में तुम्हारा स्वागत है, अर्थ.
कपल को मिल रहीं बधाइयां
मनस्वी वशिष्ठ की पोस्ट सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं. एक्टर के बेटे की पहली झलक पाकर फैंस खुशी से गदगद हो गए हैं. सोशल मीडिया पर मनस्वी वशिष्ठ को ढेर सारी गुड विशेज मिल रही हैं.
मनस्वी वशिष्ठ और आरुषि खंडूजा के रिश्ते की बात करें तो लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद फरवरी 2026 में दोनों शादी के बंधन में बंधे थे. मनस्वी टेलीविजन इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा हैं, वहीं आरुषि शोबिज से नहीं हैं. वो कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करती हैं. अब बच्चे के आने से उनकी जिंदगी खुशियों से भर गई है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क