अगले साल कई सेलेब्रिटी किड्स बॉलीवुड में एंट्री करने वाले हैं. सारा अली खान, जाह्नवी कपूर के बाद इस फेहरिस्त में अनन्या पांडे का भी नाम जुड़ने वाला है. खबर है कि अनन्या 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर-2' से बी-टाउन में ग्रैंड एंट्री करने वाली हैं.
हाल ही में फिल्म का पहला पोस्टर जारी हुआ है. जिसमें पहले स्टूडेंट के तौर पर टाइगर श्रॉफ नजर आ रहे हैं. बॉलीवुड लाइफ की खबर के अनुसार, फिल्म में टाइगर के अपोजिट चंकी पांडे की लाडली अनन्या पांडे का नाम फाइनल हुआ है. वैसे पहले इस रोल के लिए दिशा पटानी का नाम सामने आ रहा था.
सोशल मीडिया पर अनन्या की बढ़ती पॉपुलैरिटी को देखते हुए वह मेकर्स की पहली पसंद बनती जा रही हैं. सूत्रों के अनुसार, SOTY- 2 के लिए कई नामों को शॉर्टलिस्ट किया गया है. लेकिन मालूम पड़ता है कि अनन्या ने इसमें बाजी मार ली है. वह रोल के लिए एकदम फिट बैठती हैं. फिलहाल मेकर्स और उनकी फाइनल बातचीत जारी है.
करण जौहर के साथ काम करने के लिए टाइगर बहुत एक्साइटेड हैं. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था- करण सर ने मुझे बताया था कि उन्हें बहुत से ई-मेल्स ये पूछने के लिए आते हैं कि इस फिल्म का सीक्वल कब बनेगा. उनके साथ काम करना सम्मान की बात है.
हंसा कोरंगा