साउथ सुपरस्टार सूर्या और ज्योतिका की जोड़ी सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, असल जिंदगी में भी लोगों की फेवरेट है. दोनों के प्यार का ऐसा जादू चला कि अब तमिल फिल्म इंडस्ट्री के दूसरे पतियों की शामत आ गई है. ये हम नहीं, खुद सूर्या के भाई और एक्टर कार्ति कह रहे हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में खुलासा किया कि भाई और भाभी की रोमांटिक अंदाज में दोबारा शादी की रस्म ने कई पतियों की जिंदगी में भूचाल ला दिया. यहां तक कि कुछ लोगों को तो घर में खाना तक नसीब नहीं हुआ.
सूर्या-ज्योतिका के रोमांस ने पतियों की बढ़ाई मुश्किलें
दरअसल, सूर्या की आने वाली फिल्म 'सीन' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में कार्ति भी पहुंचे थे. इस दौरान ज्योतिका भी वहां मौजूद थीं. कार्ति ने भाई और भाभी की तारीफ करते हुए ऐसा मजेदार किस्सा सुनाया कि वहां मौजूद लोग हंस पड़े.
कार्ति ने सूर्या और ज्योतिका की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इन दोनों का प्यार कुछ ज्यादा ही रोमांटिक है. इनकी वजह से बाकी कपल्स पर भी प्यार जताने का दबाव बढ़ गया है. उन्होंने बताया कि उन्हें खुद भी इस वजह से खूब सुनना पड़ा. लोग घर पहुंचे तो उनकी पत्नियों ने ताना मारना शुरू कर दिया कि देखो, सूर्या और ज्योतिका एक-दूसरे से कितना प्यार करते हैं और एक तुम हो. कार्ति ने मजाक में यहां तक कहा कि कई लोगों को तो इसी वजह से घर में खाना भी नहीं मिला. हालांकि, उन्होंने तुरंत यह भी जोड़ा कि दोनों की यह रस्म बेहद खूबसूरत थी.
स्कॉटलैंड में 20 साल बाद फिर एक-दूजे के हुए सूर्या-ज्योतिका
सुर्या और ज्योतिका ने सितंबर 2026 में अपनी शादी के 20 साल पूरे होने पर स्कॉटलैंड के एक चर्च में दोबारा शादी की कसमें खाईं. दोनों ने 11 सितंबर 2006 को चेन्नई में शादी की थी. इस खास मौके पर उनके बच्चे दीया और देव भी मौजूद थे. परिवार के दूसरे करीबी सदस्य भी इस जश्न में शामिल हुए थे.
इस समारोह का वीडियो कपल ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था. ज्योतिका ने भावुक मैसेज लिखते हुए कहा था कि वह सूर्या के साथ जिंदगी में आगे बढ़ना चाहती हैं और अपने रिश्ते में दोस्ती, प्यार और भरोसे को हमेशा बनाए रखना चाहती हैं.
सूर्या ने पत्नी को बताया अपनी कामयाबी की वजह
इसी इवेंट में सूर्या ने भी ज्योतिका के लिए दिल खोलकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं. उन्होंने कहा कि माता-पिता और भाई-बहन को इंसान खुद नहीं चुनता, क्योंकि उनका परिवार तो जन्म से मिलता है. लेकिन पत्नी वह इंसान होती है जिसे हम अपनी जिंदगी के लिए चुनते हैं.
सूर्या ने माना कि जिंदगी में उनसे कई गलतियां हुई हैं, लेकिन आज वह जिस मुकाम पर खड़े हैं, उसमें पत्नी का बहुत बड़ा योगदान है. उन्होंने पत्नी को अपनी सबसे अच्छी दोस्त, बेहतरीन मां और शानदार लाइफ पार्टनर बताया.
एक्टर ने कहा कि जिंदगी में कुछ भी होता है, उनकी पत्नी हमेशा उनके साथ खड़ी रहती हैं. सूर्या की ये बातें सुनकर साफ हो गया कि दोनों का रिश्ता सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं, बल्कि एक-दूसरे का मजबूत सहारा भी है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क