एक्ट्रेस-फिल्ममेकर रेणु देसाई ने सिंगल मदर होने के नाते उन पर होने वाली निगरानी के बारे में बात की है. वो दो बच्चों को अकेले पाल रही हैं, जो तेलुगु सिनेमा के सबसे बड़े परिवारों में से आते हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उनकी पेरेंटिंग पर लोग लगातार सवाल उठाते हैं, लेकिन उनकी मेहनत की कभी तारीफ नहीं होती.
सिंगल मदर का दर्द
विजुअल टॉक्स से बातचीत में रेणु देसाई ने 2009 में आंध्र प्रदेश उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से शादी की थी, लेकिन शादी के कुछ वक्त बाद दोनों के रिश्ते में खटास आ गई. 2012 में रेणु और पवन कल्याण तलाक लेकर अलग हो गए. तलाक के कई साल बाद रेणु देसाई ने अपने बेटे आकिरा और बेटी आद्या को अकेले पालने के प्रेशर पर बात की है.
उन्होंने कहा कि भारत में जब किसी जाने-माने परिवार के बच्चे कोई गलती करते हैं, तो इसका जिम्मेदार मां को माना जाता है. रेणु ने कहा- दुर्भाग्य से हमारे देश में अगर बच्चे कोई गलती करते हैं, तो हमेशा मां को दोष दिया जाता है कि उसने उन्हें सही तरीके से पाला नहीं. आज आद्या और आकिरा अच्छे और सुशील हैं, लेकिन इसकी कोई तारीफ नहीं होती. अगर कुछ गलत होता है या उन्हें कोई बुरी आदत होती है, तो सब दोष मुझ पर लगाया जाता है कि मां ने उन्हें ठीक से पाला नहीं. उनकी परवरिश में मां ही गलत होती है.
उन्होंने कहा कि बचपन से ही उन्होंने अपनी पूरी कोशिश की है कि बच्चों को संस्कार, ईमानदारी और उचित व्यवहार सिखाएं. वो कहती हैं- मैंने उन्हें छोटी उम्र से ही अपनी पूरी क्षमता के हिसाब से संस्कार, ईमानदारी और अच्छे व्यवहार सिखाने की कोशिश की है.
पवन कल्याण-रेणू की लव स्टोरी
रेणु देसाई और पवन कल्याण की कहानी की शुरुआत पुरी जगन्नाथ की फिल्म बद्री के सेट पर हुई थी. ये तेलुगु एक्शन कॉमेडी फिल्म सुपरहिट हुई और पवन कल्याण को एक बड़ा स्टार बना दिया. पुणे में दिसंबर 1981 में महाराष्ट्रीयन-गुजराती परिवार में जन्मीं रेणु देसाई ने इस फिल्म में पवन कल्याण और अमीषा पटेल के साथ वेनेला का किरदार निभाया था. दोनों को बद्री की शूटिंग के दौरान प्यार हो गया.
इसके बाद दोनों ने जॉनी फिल्म में साथ काम किया, जिसे पवन कल्याण ने खुद लिखा और निर्देशित किया था. इस फिल्म में रेणु देसाई ने गीतांजलि का किरदार निभाया. उन्होंने फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइनर और स्टाइलिस्ट की भी भूमिका निभाई, जिसे उन्होंने अपने करियर के सबसे मुश्किल समयों में से एक बताया है. विजुअल टॉक्स पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से सिर्फ एक हफ्ता पहले उन्हें जॉनी में कास्ट किया गया था. उससे पहले 40 से 45 एक्ट्रेसेस का ऑडिशन लिया गया था, लेकिन किसी को चुना नहीं गया था.
जॉनी के बाद रेणु देसाई ने एक्टिंग छोड़ दी और पर्दे के पीछे के काम पर ध्यान दिया. वो पवन कल्याण की पर्सनल स्टाइलिस्ट और कॉस्ट्यूम कोऑर्डिनेटर रहीं. दोनों ने 28 जनवरी 2009 को पवन कल्याण के घर पर आर्य समाज रीति-रिवाज से शादी की थी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क