'सतलुज' देखकर नसीरुद्दीन शाह ने दिलजीत नहीं, इस एक्टर को किया फोन, पंजाबी में की तारीफ

दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' को जी5 से हटाए जाने के बाद भी फिल्म के कलाकारों को भरपूर सराहना मिल रही है. फिल्म में सीनियर पुलिस ऑफिशियल का क्रूर किरदार निभाने वाले एक्टर कंवलजीत सिंह ने खुलासा किया है कि उन्हें इस रोल के लिए सबसे बड़ी तारीफ सीनियर एक्टर नसीरुद्दीन शाह से मिली.

Advertisement
नसीरुद्दीन शाह ने की 'सतलुज' एक्टर कंवलजीत सिंह की तारीफ (Photo: Screengrab) नसीरुद्दीन शाह ने की 'सतलुज' एक्टर कंवलजीत सिंह की तारीफ (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:16 AM IST

ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 से गायब होने से पहले सतलुज देख चुके लोग, दिलजीत दोसांझ और सुविंदर विक्की के साथ-साथ सीनियर एक्टर कंवलजीत सिंह की भी जमकर तारीफ कर रहे हैं. सतलुज में कंवलजीत सिंह ने कहानी में एक सीनियर पुलिस ऑफिशियल का रोल किया है. पिछले साल आरती कदव की फिल्म मिसेज में अपनी संवेदनशील एक्टिंग से भी कंवलजीत ने जमकर तारीफें बटोरी थीं. अब कंवलजीत ने बताया है कि उन्हें सतलुज के लिए सबसे बड़ी तारीफ क्या मिली थी.

Advertisement

नसीरुद्दीन शाह ने फोन करके की तारीफ

कंवलजीत सिंह ने एक बातचीत में कहा कि उनकी परफॉर्मेंस पर सबसे खास रिस्पॉन्स उन्हें दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह से मिला.

उन्होंने न्यूज18 से कहा, 'जिस बात ने मुझे सबसे ज्यादा खुश किया, वो ये थी कि नसीर का मुझे फोन आया. उन्होंने काफी तारीफ करते हुए मुझे कई अच्छी बातें कहीं. ये मुझे बहुत अच्छा लगा. हर किसी को अपनी तारीफ सुनना अच्छा लगता है, इसमें कुछ अलग नहीं है. लेकिन जब नसीर जैसे कलाकार ऐसा कहें, तो उसकी अहमियत और बढ़ जाती है.'

नसीर साहब के साथ अपनी बातचीत को याद करते हुए कंवलजीत ने हंसते हुए बताया, 'नसीर पंजाबी बोलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी पंजाबी बहुत खराब थी. उन्होंने कहा― मैंने फिल्म देखी, मैं तुम्हें पहचान ही नहीं पाया. फैंटास्टिक! उन्होंने और भी बहुत कुछ कहा. उनके मुंह से ये सुनना मेरे लिए बहुत दिल को छू जाने वाला मोमेंट था, क्योंकि मैं उन्हें दुनिया के सबसे बेहतरीन एक्टर्स में से एक मानता हूं.'

Advertisement

'वो सच नहीं पचा पाए'

ज़ी5 से फिल्म हटाए जाने पर भी कंवलजीत ने रिएक्ट किया. उनका मानना है कि फिल्म में दिखाई गई सच्चाई कुछ लोगों को स्वीकार नहीं हुई. कंवलजीत ने कहा, 'मुझे ठीक-ठीक वजह नहीं पता, लेकिन जिसने भी यह फैसला लिया, वो शायद इस सच्चाई को पचा नहीं पाया. मुझे तो यही एक वजह समझ में आती है.'

कंवलजीत ने ये भी कहा कि जी5 से सतलुज को हटाने का फैसला उल्टा पड़ गया, क्योंकि इससे लोगों की जिज्ञासा और बढ़ गई, और वे पाइरेसी की तरफ चले गए.

उन्होंने कहा, 'उन्हें शायद ये समझ नहीं आया कि बैन लगाकर वे लोगों की दिलचस्पी और बढ़ा रहे हैं. सच कहूं तो इससे हमारा ही फायदा हुआ है. दुख सिर्फ इस बात का है कि अब लोग फिल्म गैरकानूनी तरीकों से देख रहे हैं. डाउनलोड कर रहे हैं और ये पहले ही वायरल हो चुकी है. फिर इसे हटाने का मतलब ही क्या रह गया? पूरा मकसद ही खत्म हो गया.'

हाल ही में 'द फ्री प्रेस जर्नल' से बातचीत में कंवलजीत ने बताया था कि मेकर्स अब सतलुज को वापस लाने के लिए कानूनी लड़ाई की तैयारी कर रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »