टीवी के सुपरस्टार राम कपूर इन दिनों लॉक अप के चलते चर्चा में बने हुए हैं. राम फिनाले वीक में पहुंच चुके हैं. लेकिन फिनाले में जगह बनाने के लिए उन्हें अपना एक डार्क सीक्रेट दुनिया के सामने रिवील करना पड़ा, जिसे उनकी पत्नी और बच्चे भी नहीं जानते थे.
राम कपूर ने लॉक अप में बताया कि उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट शोज और फिल्मों में काम किया है, लेकिन उन्हें अभी भी सिर्फ 'बड़े अच्छे लगते हैं' शो के लिए जाना जाता है. राम ने बताया कि उनका ये शो जबरदस्त हिट हुआ था. इसकी सक्सेस की वजह से वो डिप्रेशन में चले गए थे और वो एक मॉन्स्टर यानी राक्षस की तरह बर्ताव करने लगे थे.
मुश्किल दौर को याद करते हुए राम कपूर बोले- बड़े अच्छे लगते हैं कि दौरान, मैं अपनी जिंदगी के सबसे खतरनाक डिप्रेशन से गुजरा था.
'मुझे मेरे मोटापे की वजह से इतना प्यार मिला और इसकी इतनी चर्चा हुई कि मैं कुछ समय के लिए टीआरपी रेटिंग्स में सबसे हाई रेटेड टीवी स्टार बन गया था. फिर मैं और मोटा होता गया.
राम कपूर ने खुलासा किया कि डॉक्टरों ने उन्हें चेतावनी दी थी कि उनकी हेल्थ इतनी बिगड़ चुकी है कि अगर उन्होंने बदलाव नहीं किए, तो 6 महीने के अंदर उनकी मौत भी हो सकती है.
राम बोले- मुझे डायबिटिक स्ट्रोक हो सकता था, क्योंकि मैं दिन में तीन बार इंसुलिन पर था. मेरी शुगर 400, 500, 600+ रहती थी. गंभीर हेल्थ इश्यूज से जूझने के बावजूद मैं दिन में लगभग 14 घंटे काम करता रहा.
राम कपूर ने माना कि उस वक्त वो खुद को बदलना नहीं चाहते थे, क्योंकि उन्हें वजन की वजह से ही शोहरत, प्यार और पैसा मिल रहा था. फेम के चलते उन्होंने अपनी सेहत को नजरअंदाज कर दिया था.
उस वक्त अपने बिहेवियर को याद करते हुए राम कपूर ने कबूल किया- मैं बहुत-बहुत बुरा इंसान बन गया था. मैं शूटिंग पर 6-6 घंटे देर से पहुंचता था. मैं सेट पर दारू पीता था. मैं लोगों से बहुत बुरे तरीके से बात करता था. मैं एक मॉन्स्टर (राक्षस) बन गया था.
राम ने कहा कि अब उस शो को करीबन 10 साल बीत चुके हैं. वो अब अपनी लाइफ में काफी खुश हैं.
(Photo: Instagram @iamramkapoor)