समय रैना का फेमस और मचअवेटेड टैलेंट-कॉमेडी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' अपने दूसरे सीजन के साथ धमाकेदार वापसी कर चुका है. लगभग एक साल के लंबे इंतजार के बाद 20 जून को इस शो का पहला एपिसोड रिलीज किया गया. इस बार शो के पहले ही एपिसोड में बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शरवरी अपनी आने वाली फिल्म 'अल्फा' का प्रमोशन करने पहुंची थीं. इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हूबहू और बेहद मजेदार मिमिक्री करने वाले अविनाश अग्रवाल ने जजों को हंसने पर मजबूर कर दिया और अब हर कोई उन्हें सोशल मीडिया पर सर्च कर रहा है.
गौरतलब है कि शो के पिछले सीजन में रणवीर इलाहाबादिया के कमेंट्स की वजह से काफी विवाद हुआ था, इसलिए कॉमेडी के शौकीनों को इस नए सीजन का बेसब्री से इंतजार था. लेकिन इस बार जब फैंस आलिया और शरवरी को देखने के लिए स्क्रीन से चिपके थे, तब मंच पर एक ऐसे परफॉर्मर की एंट्री हुई जिसने अपनी जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग से पूरी महफिल ही लूट ली.
जब शो में पहुंचे देसी 'डोनाल्ड ट्रंप'
आलिया भट्ट और शरवरी जैसे बड़े सितारों की मौजूदगी के बीच अविनाश अग्रवाल शाम के सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे. उन्होंने जैसे ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गेटअप और अंदाज में मंच पर कदम रखा, पूरा माहौल ठहाकों से गूंज उठा. अविनाश ने कमाल की एनर्जी के साथ ट्रंप की मिमिक्री की और वहां बैठे सेलिब्रिटी पैनल पर एक से बढ़कर एक मजेदार पंच मारे. होस्ट समय रैना पर की गई उनकी चुटकियां और आलिया भट्ट के साथ उनका मजाक दर्शकों को इतना पसंद आया कि लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए.
जजों ने लुटाए नंबर, मिला परफेक्ट स्कोर
अविनाश की इस परफॉर्मेंस के सामने जज भी पूरी तरह नतमस्तक नजर आए. उनके कॉमिक सेंस और स्टेज प्रेजेंस की तारीफ करते हुए जजों ने उन्हें दिल खोलकर नंबर दिए. पैनल में मौजूद आशीष सोलंकी, बलराज घई और खुद आलिया भट्ट ने अविनाश को पूरे 10 में से 10 नंबर दिए. वहीं शरवरी ने उनकी परफॉर्मेंस को 9.5 अंक दिए. शो के होस्ट समय रैना भी उनकी कॉमिक टाइमिंग के मुरीद हो गए और उन्होंने भी अविनाश को 10 नंबर देकर उनकी कला को सराहा.
आखिर कौन हैं अविनाश अग्रवाल?
भले ही 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के मंच ने अविनाश को रातों-रात सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया हो, लेकिन वो इंडस्ट्री के लिए कोई नया नाम नहीं हैं. अविनाश पिछले कई सालों से थिएटर और परफॉर्मिंग आर्ट्स की दुनिया में एक्टिव हैं. वो एक बेहतरीन स्टैंड-अप कॉमेडियन होने के साथ-साथ राइटर, वॉइस आर्टिस्ट और शो होस्ट भी हैं. मशहूर टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म 'बुकमाईशो' के मुताबिक, अविनाश अब तक पूरे भारत में 200 से ज्यादा लाइव शोज लिख चुके हैं और उनमें परफॉर्म भी कर चुके हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 94,000 फॉलोअर्स हैं, जहां वो खुद को बड़े मजाकिया लहजे में 'इंडियन ट्रंप' लिखते हैं.
शाहरुख से लेकर प्रियंका चोपड़ा तक किया काम
अविनाश का पुराना ट्रैक रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. वो कॉमेडी क्लबों के अलावा मनीषा कोइराला, अभय देओल, जॉनी लीवर और अनुराग कश्यप जैसी दिग्गज फिल्मी हस्तियों के इवेंट्स को होस्ट कर चुके हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान और ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा के साथ अलग-अलग ब्रांड्स की स्क्रिप्ट पर बतौर लेखक और परफॉर्मर भी काम किया है.
दुनिया के टॉप 30 स्पीकर्स में कमाया नाम
अविनाश की काबिलियत सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर चुके हैं. उन्होंने अमेरिका में आयोजित होने वाली दुनिया की प्रतिष्ठित पब्लिक स्पीकिंग प्रतियोगिता 'टोस्टमास्टर्स वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ पब्लिक स्पीकिंग' में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. इस कड़े मुकाबले में अविनाश ने अपनी वाकपटुता का लोहा मनवाते हुए दुनिया के टॉप 30 स्पीकर्स की लिस्ट में अपनी जगह बनाई थी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क