अस्पताल में सोनम वांगचुक, CJP के समर्थन में आईं सोनाक्षी सिन्हा, संसद मार्च का खुलकर किया सपोर्ट

छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में भूख हड़ताल कर रहे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से जबरदस्ती हटा दिया. इस पर सोनाक्षी सिन्हा का रिएक्शन आया है.

Advertisement
सोनम वांगचुर पर बोलीं सोनाक्षी सिन्हा (Photo: Screengrab) सोनम वांगचुर पर बोलीं सोनाक्षी सिन्हा (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 19 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:20 AM IST

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 21 दिनों से अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत शनिवार को अचानक काफी बिगड़ गई. जिसके बाद, दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश और डॉक्टरों की गंभीर सलाह पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. सोनम वांगचुक की इस हालत और उनके आंदोलन पर अब बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा का बड़ा रिएक्शन सामने आया है.

Advertisement

सोनाक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने सोनम वांगचुक के साथ चल रहे इस पूरे घटनाक्रम पर दुख जताते हुए आंदोलनकारियों का खुलकर समर्थन किया है.

सोनाक्षी सिन्हा का छलका दर्द
सोनाक्षी सिन्हा ने कहा, 'आज सोनम सर के साथ जो कुछ भी हुआ है, वह बिल्कुल ठीक नहीं हुआ. खैर, मुझे इस बात की खुशी है कि वह अब ठीक हैं और उनकी पत्नी इस मुश्किल वक्त में उनके साथ मौजूद हैं. वह अभी भी बहुत मजबूत (Strong) हैं और पूरी तरह से सचेत (Alert) हैं. मैं पिछले कई दिनों से उन्हें और उनके साथ खड़े उन हजारों लोगों को लगातार देख रही हूं.'

आंदोलनकारियों को किया सलाम
सोनाक्षी ने आंदोलन कर रहे युवाओं और लोगों के शालीन तरीके की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा, 'वहां जो लोग भी जुटे हैं, वे बेहद शांत, सम्मानजनक और पूरी तरह अहिंसक तरीके से अपनी बात सरकार के सामने रख रहे हैं. हम सब अच्छी तरह जानते हैं कि किसी भी देश का भविष्य उसकी युवा शक्ति होती है. आप सभी को इस तरह दृढ़ता से खड़े देखकर यह बात आज और भी सच महसूस होने लगी है.'

Advertisement

एक्ट्रेस ने आगे कहा कि इतनी तकलीफ, इतनी निराशा और इतने लंबे इंतजार के बाद भी जिस तरह से आप लोगों ने अपना यह संघर्ष शांति और सम्मान के साथ जारी रखा है, उसके लिए मैं आप सबको सलाम करती हूं.'

अपना तरीका मत बदलना
आने वाली 20 तारीख को होने वाले मार्च का जिक्र करते हुए सोनाक्षी ने आंदोलनकारियों से एक खास अपील भी की. उन्होंने कहा, '20 तारीख को जो लोग भी इस मार्च में शामिल होने जा रहे हैं, मेरी उनसे बस एक ही गुजारिश है कि अपनी आवाज को पूरी तरह बुलंद रखिए, लेकिन अपना तरीका वही रखिएगा जो अब तक इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत रही है. यानी 'पीस, यूनिटी एंड रिस्पेक्ट'— शांति, एकता और सम्मान. बस इसी रास्ते पर आगे बढ़ना है.'

सोनाक्षी ने लोकतंत्र में नागरिकों के अधिकारों की बात करते हुए कहा, 'इस देश के हर नागरिक को अपनी बात सामने रखने और सवाल पूछने का पूरा हक है. जब लोग बिना किसी हिंसा के, बिना किसी नफरत के, सिर्फ एक उम्मीद और अटूट विश्वास लेकर आगे आते हैं, तो उनकी आवाज और भी ज्यादा मजबूत हो जाती है. आप सब जो सोनम सर के साथ जुड़े हैं, आपने ही हमें यह याद दिलाया है कि हिम्मत हमेशा शोर मचाने से नहीं, बल्कि कभी-कभी शांति और दृढ़ता (Resolve) के साथ खड़े रहने से दिखाई देती है.' 

Advertisement

उन्होंने साफ शब्दों में अपना स्टैंड लेते हुए कहा, 'मैं देश के युवाओं के साथ हूं, छात्रों के साथ हूं, हमारे संविधान के साथ हूं और सबसे ऊपर अपने देश के साथ हूं. जैसे सवाल पूछना हमारा हक है, वैसे ही उम्मीद करना भी हमारा हक है.'

वीडियो के अंत में सोनाक्षी ने इस गतिरोध के जल्द खत्म होने की उम्मीद जताई. उन्होंने कहा, 'मुझे बस अब यही उम्मीद है कि 20 तारीख को बातचीत के दरवाजे खुलेंगे, एक-दूसरे की बातों को गंभीरता से सुना जाएगा और हर उस आवाज को वह सम्मान मिलेगा जिसकी वह हकदार है. मैं पूरी तरह आपके साथ हूं. ऑल द बेस्ट, जय हिंद.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »