फिल्मों में अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता संजय मिश्रा एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या किरदार नहीं, बल्कि उनका सादगी भरा अंदाज है. संजय मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें वह अपने पैतृक गांव में लुंगी और टीशर्ट पहनकर घर के बरामदे में जमीन पर बैठे नजर आ रहे हैं. उनके इस साधारण अंदाज को देखकर सोशल मीडिया पर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं. यह वीडियो बिहार के दरभंगा जिले के नारायणपुर गांव का बताया जा रहा है. राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के बाद संजय मिश्रा पहली बार अपने गांव पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों के साथ समय बिताया. गांव में उनका अंदाज किसी बड़े फिल्म स्टार जैसा नहीं, बल्कि एक आम ग्रामीण की तरह नजर आया.
वायरल वीडियो में संजय मिश्रा अपने घर के बरामदे में जमीन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने लुंगी और टीशर्ट पहनी हुई है. उनके पीछे कुछ बच्चे और महिलाएं भी नजर आ रहे हैं. गांव के लोग उनसे मिल रहे हैं. कोई उनके साथ तस्वीर खिंचवा रहा है, तो कोई मोबाइल से उनका वीडियो बना रहा है. संजय मिश्रा भी बिना किसी दिखावे के लोगों से मिलते और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते दिखाई दे रहे हैं. उनके पहनावे और बैठने के अंदाज में किसी तरह का दिखावा नजर नहीं आता. यही वजह है कि उनका यह वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है.
किसी ने बनाया वीडियो, देखते ही देखते सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
गांव में संजय मिश्रा के साथ मौजूद किसी व्यक्ति ने उनका यह वीडियो बना लिया. इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया. देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं देने लगे. वीडियो देखने वाले कई लोग अभिनेता के इस ग्रामीण अंदाज की तारीफ कर रहे हैं. लोग उनके सादे पहनावे और आम लोगों के साथ सहज व्यवहार को पसंद कर रहे हैं. राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान मिलने के बावजूद गांव में उनका यह साधारण रूप लोगों को खासा पसंद आ रहा है.
जानकारी के मुताबिक, संजय मिश्रा इन दिनों फिल्म जंक्शन हॉल्ट टू की शूटिंग के सिलसिले में दरभंगा आए हुए हैं. फिल्म की शूटिंग अलग-अलग स्थानों पर होनी है. इसी दौरान उन्होंने अपने पैतृक गांव नारायणपुर जाने और परिवार तथा ग्रामीणों के साथ समय बिताने का मौका निकाला. गांव में उनके पहुंचने से स्थानीय लोगों को उनसे मिलने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने का मौका मिला. अभिनेता ने भी लोगों के साथ सहजता से समय बिताया. उनका यही अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
फिल्म ‘भक्षक’ के लिए मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
संजय मिश्रा को हाल ही में फिल्म भक्षक में उनके अभिनय के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. पुरस्कार मिलने के बाद अपने गांव पहुंचने का यह वीडियो अब उनकी चर्चा को एक नया कारण दे रहा है. एक तरफ संजय मिश्रा अपने अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं, तो दूसरी तरफ गांव में उनका साधारण रहन-सहन लोगों को आकर्षित कर रहा है. नारायणपुर में लुंगी और टीशर्ट पहनकर जमीन पर बैठे अभिनेता का वीडियो इस बात को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं बटोर रहा है कि बड़े पर्दे पर पहचान बनाने के बाद भी उनका अंदाज कितना सहज दिखाई देता है.
प्रह्लाद कुमार