मचअवेटेड फिल्म दृश्यम 3 का इंतजार खत्म होने वाला है. यहां हम अजय देवगन स्टारर मूवी की नहीं, बल्कि ओरिजनल दृश्यम 3 की बात कर रहे हैं, जिसमें साउथ इंडस्ट्री के पावर स्टार मोहनलाल लीड रोल में हैं. इस फिल्म का क्रेज साउथ से लेकर नॉर्थ तक है.
सस्पेंस और थ्रिल से भरी मूवी में क्या मोहनलाल के किरदार जॉर्ज कुट्टी का पर्दाफाश होगा? क्या इस बार भी वो सच को छिपाने के लिए झूठ का ऐसा पुलिंदा बुनेगा कि बच निकलेगा? सभी सवालों के जवाब इसकी रिलीज के बाद मिलेंगे. लेकिन इससे पहले फैंस को फिल्म के टीजर की झलक देखने को मिलने वाली है.
कब रिलीज होगा टीजर?
दृश्यम 3 के मेकर्स और लीड एक्टर मोहनलाल ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट शेयर किया है. उन्होंने बताया कि मूवी का ऑफिशियल टीजर 29 अप्रैल को शाम 5 बजे रिलीज किया जाएगा. ये फिल्म सिनेमाघरों में वर्ल्डवाइड 21 मई 2026 को रिलीज होगी. मेकर्स ने मूवी का नया पोस्टर भी शेयर किया है. इसमें मोहनलाल अपने किरदार जॉर्ज कुट्टी के इंटेंस लुक में हैं. वो किसी खेत में हैं. एक्टर ने एक हाथ में फावड़ा और दूसरे में तसला पकड़ा हुआ है. इस विजुअल ने फैंस के बीच सस्पेंस को बढ़ा दिया है. यूजर्स का मानना है कि शायद एक बार फिर जॉर्ज कुट्टी इतिहास के पन्नों से किसी राज को छिपाने की कोशिश कर रहा है. कमेंट्स में यूजर्स ने लिखा है कि वो फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं. फैंस का दावा है दृश्यम 3 ब्लॉकबस्टर साबित होगी.
मूवी को जीतू जोसेफ ने डायरेक्ट किया है. पहले ये फिल्म 2 अप्रैल 2026 को रिलीज होनी शेड्यूल थी. फिर इसे 21 मई के लिए खिसकाया गया, क्योंकि इस दिन मोहनलाल का जन्मदिन भी है. मोहनलाल अपने बर्थडे पर फैंस को दृश्यम 3 का तोहफा देकर खुश करने वाले हैं.
वहीं दृश्यम 3 के हिंदी वर्जन की बात करें तो ये मूवी 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज की जाएगी. सस्पेंस थ्रिलर दृश्यम 3 के अलावा मोहनलाल की अगली रिलीज पैट्रियट है. ये 1 मई को रिलीज होगी. ये मूवी खास है क्योंकि इसमें मलयालम सिनेमा के दो बड़े स्टार ममूटी और मोहनलाल करीबन 18 साल बाद साथ नजर आएंगे. फहाद फासिल, नयनतारा भी अहम रोल में दिखेंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क