हाल ही में प्रणीत मोरे की ₹370 वाली बिरयानी का विवाद ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक और मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन मधुर विरली अपने एक पुराने वीडियो को लेकर बुरी तरह फंस गए हैं. मधुर विरली के साल 2024 के शो 'लव एंड लेटेक्स' की एक क्लिप इंटरनेट पर आग की तरह फैल रही है, जिसमें उन्होंने रेप (बलात्कार) जैसी संवेदनशील और गंभीर घटना पर बेहद आपत्तिजनक मजाक किया था. अब इस वीडियो के वायरल होने के बाद उन्होंने माफी मांगी है,
दरअसल वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और कॉमेडियन को चौतरफा ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. लोगों की भारी नाराजगी और बढ़ते विवाद को देखते हुए आखिरकार मधुर विरली ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक पोस्ट शेयर कर सार्वजनिक तौर पर माफी मांग ली है. उन्होंने माना कि कुछ विषयों पर बात करते समय ज्यादा संवेदनशीलता और समझदारी की जरूरत होती है.
मधुर विरली ने क्या लिखा?
चारों तरफ से घिरने के बाद मधुर विरली ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक माफीनामा जारी किया है. मधुर ने लिखा, 'मैं अपने उस वीडियो के लिए दिल से माफी मांगना चाहता हूं जो इस समय इंटरनेट पर शेयर किया जा रहा है. जो क्लिप सोशल मीडिया पर घूम रही है, वह लगभग दो साल पहले की मेरी एक परफॉर्मेंस का हिस्सा है. उस हिस्से को स्टेज पर परफॉर्म करने के तुरंत बाद ही मुझे यह अहसास हो गया था कि यह कितना गलत था और मैंने उसे तभी अपने शो से हटा दिया था. यानी हाल ही में इस क्लिप के दोबारा वायरल होने से बहुत पहले ही मैं इसे हटा चुका था.'
उन्होंने आगे कहा, 'मेरा मानना है कि कॉमेडी विचारों पर सवाल उठा सकती है और मुश्किल विषयों पर बात कर सकती है. लेकिन कुछ विषयों के लिए संवेदनशीलता, संदर्भ और समझदारी की ज़रूरत होती है. जब कोई कोशिश सही नहीं उतरती, तो सबसे ईमानदार काम यही है कि उसे माना जाए, माफी मांगी जाए और बेहतर किया जाए. मेरे लिए यह भी वैसा ही एक पल है.'
इंस्टाग्राम डिलीट पर दिया रिएक्शन
विवादित क्लिप के दोबारा सामने आने के बाद ऐसी खबरें आईं कि उन्होंने अपना Instagram अकाउंट डिलीट कर दिया है, लेकिन मधुर ने साफ किया कि उन्होंने असल में यह अकाउंट लगभग छह महीने पहले ही डीएक्टिवेट कर दिया था. उन्होंने इस घटना पर अफसोस भी जताया और कहा कि उन्हें सच में अफसोस है और उन्होंने माना कि इस मजाक से लोगों को दुख पहुंचा है.
मधुर विरली ने क्या कहा
विवादित क्लिप में मधुर को यह कहते हुए सुना गया- 'अगर 10 रेप केस होते हैं, तो 9 ऐसे होते हैं जिनमें सिर्फ रेप होता है और एक में रेप के बाद मर्डर होता है. मुझे लगता है कि वह रेप केस तब होता होगा जब रेप के ठीक बाद लड़का उठता होगा और लड़की कहती होगी, 'अरे, इसके बाद क्या तुम गले नहीं लगोगे (cuddle नहीं करोगे)?' तब लड़का चाकू मारता होगा, 'चाकू के साथ गले लग लो (cuddle कर लो).'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क