डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' का ट्रेलर मंगलवार, 5 मई को रिलीज हो गया. होमर के ग्रीक महाकाव्य 'ओडिसी' पर आधारित इस नई फिल्म में हॉलीवुड एक्टर मैट डेमन लीड रोल में हैं. उनके अलावा फिल्म में टॉम हॉलैंड, ऐनी हैथवे, जेंडेया, रॉबर्ट पैटिंसन, लुपिता न्योंगो और चार्लीज थेरॉन जैसे दमदार सितारे नजर आने वाले हैं.
ट्रेलर में ओडीसियस बने मैट डेमन को अपनी सेना के साथ घर वापसी करते देखा जा सकता है. 10 साल तक युद्ध लड़ने के बाद अब ओडीसियस घर लौट रहा है. यहां उसकी पत्नी और बेटा उसका इंतजार कर रहे हैं. इसके अलावा आतंक भी मचा हुआ है. ओडीसियस और उसकी सेना के लिए युद्ध जितना मुश्किल था, उतनी ही मुश्किल घर वापसी भी है. उसे तमाम दिक्कतों, राक्षसों और रहस्यमयी चीजों का सामना करना पड़ेगा. ट्रेलर में नौसैनिक युद्धों और साइक्लॉप्स के सीन्स ने फैंस को काफी उत्साहित किया है. लेकिन इसके कुछ डायलॉग सुनकर सभी के होश उड़ गए हैं. खासतौर पर टॉम हॉलैंड और रॉबर्ट पैटिंसन के बीच हुई एक बात.
द ओडिसी की कहानी
इथाका के राजा ओडीसियस, ट्रॉय के युद्ध के बाद घर वापस लौटने की कोशिश में कई कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. घर पर उसकी पत्नी पेनेलोपी कई सुटर्स से घिरी हुई है, जो उससे शादी कर शहर पर राज करना चाहते हैं. नोलन के वर्जन में एक्टर रॉबर्ट पैटिंसन, एंटिनोस की भूमिका में हैं, जो पेनेलोपी (ऐनी हैथवे) को प्रपोज करने वाले सुटर्स में से एक है. इससे उनके बेटे टेलीमैकस (टॉम हॉलैंड) को बहुत दुख होता है. ट्रेलर में एक सीन में एंटिनोस टेलीमैकस को समझाने की कोशिश करता है कि ओडीसियस कभी वापस नहीं आएगा और वह पेनेलोपी से शादी कर ही लेगा. एंटिनोस कहता है, 'तुम अपने उस डैडी के लिए रो रहे हो, जिसे तुम्हें कभी जाना ही नहीं.' इसपर टेलीमैकस जवाब देता है, 'मेरे डैड वापस जरूर आएंगे.'
ट्रेलर रिलीज होने के बाद कई दर्शकों ने कहा कि 'डैड' शब्द एक प्राचीन ग्रीक महाकाव्य में बहुत आउट ऑफ प्लेस लगता है. उन्हें लगता है कि 'फादर' या कोई और दूसरा शब्द ज्यादा बेहतर होता. एक यूजर ने लिखा, 'अगर आप ग्रीक संस्कृति से बिल्कुल अलग एडाप्टेशन बना रहे हो, तो कम से कम डायलॉग तो महाकाव्य के स्तर का होना चाहिए. 16 साल का लड़का जो बोलता है, वैसा नहीं.' दूसरे ने कहा, 'जैसे ही टॉम हॉलैंड ने 'डैड' कहा, मुझे लगा कुछ गड़बड़ है. पूरी तरह से इमर्शन टूट गया.'
कुछ यूजर्स ने तो फिल्म की आलोचना करते हुए इसे 'जेन जी की लिखी ऐतिहासिक कहानी' और 'एक पौराणिक कहानी का नेटफ्लिक्स वर्जन' तक कह डाला. हालांकि, कई यूजर्स ने नोलन और फिल्म का बचाव भी किया. उन्होंने कहा कि ओडिसी इतिहास नहीं, बल्कि पौराणिक कथा है. एक यूजर ने लिखा, 'ऐतिहासिक सटीकता तभी मायने रखती है जब वो असली इतिहास हो.'
क्या है द ओडिसी?
ग्रीक कवि होमर के लिखे प्राचीन ग्रीक महाकाव्य 'ओडिसी' के एक हिस्से पर डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन फिल्म 'द ओडिसी' बना रहे हैं. ये फिल्म 17 जुलाई 2026 को थिएटर में रिलीज होने वाली है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क